संवाददाता आगर मालवाः गोवर्धन कुम्भकार।
बराती बस से उतरे और जुलूस के लिए निकलने लगे, इसी दौरान बरातियों की बस से हादसा हो गया।
आगर मालवा / कानड़ः थाना क्षेत्र के पचौरा में सुवासरा के समीप स्थित ढाबला देवल से बरात पहुुंची थी। बराती बस से उतरे और जुलूस के लिए निकलने लगे, इसी दौरान बरातियों की बस से हादसा हो गया। बस ने करीब आधा दर्जन बरातियों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दो गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
सोमवार रात पचौरा निवासी लक्ष्मण दायमा की पुत्री का विवाह होना था। ढाबला देवल से बरात गांव आई। बस चालक ने बरातियों को उतार दिया, उसके बाद जब बराती जुलूस के रूप में जाने लगे तब चालक ने जैसे ही बस को स्टार्ट किया तो वह अनियंत्रित होकर बरातियों में जा घुसी। हादसे में कैलाशीबाई (47) पति लक्ष्मण बंजारा निवासी ढाबला देवल थाना सुवासरा जिला मंदसौर की मौके पर ही मौत हो गई। पूजा पति सोहन (23), निजा (20) पति सुजान गंभीर घायल हो गई। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य लोगों को मामूली खरोच आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






