संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार।
कृषि उत्पादन, आयुक्त द्वारा आगामी 5 जून को ली जाने वाली बैठक के संबंध में गत दिवस कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कृषि उत्पादन क्लस्टर (एपीसी) बैठक आयोजित की गई ।
जौं, सियासीड, किनोवा, स्टीबीया की खेती करने हेतु किसानो को प्रेरित करे: कलेक्टर श्री सिंह।
कृषि उत्पादन क्लस्टर (एपीसी) की बैठक आयोजित
आगर मालवा :- रबी वर्ष 2024-25 की समीक्षा एवं खरीफ वर्ष 2025 की तैयारी हेतु कृषि उत्पादन,आयुक्त द्वारा आगामी 5 जून को ली जाने वाली बैठक के संबंध में गत दिवस कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कृषि उत्पादन क्लस्टर (एपीसी) बैठक आयोजित की गई । बैठक में कलेक्टर ने कृषि, सहकारिता, उद्यानिकी पशुपालन,लीड बैंक,मत्स्य विभाग की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये।
कलेक्टर ने खरीफ सीजन हेतु किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश कृषि एवं सहकारी विभाग के अधिकारी को दिए। उन्होंने जिले में जौं, सियासीड, किनोवा, स्टीबीया की खेती करने तथा जिले में जैविक खेती का रकबा बढ़ाने हेतु किसानो को प्रेरित करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए।
कलेक्टर ने सहकारी विभाग की समीक्षा करते हुए सभी सहकारी समितियों को ऋण वसूली करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जन औषधि केंद्र खोलने हेतु आगामी 10 दिवस में लाइसेंस प्रदान करवाने के निर्देश उपायुक्त सहकारिता को प्रदान किए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की जिले की सभी मत्स्य समितियां, दुग्ध समितियों के खाते सहकारी संस्थाओं में अनिवार्य रूप से खोलें जाए। जिला मत्स्य अधिकारी को मत्स्य विभाग अंतर्गत प्रचलित कार्यों का भौतिक सत्यापन करवाने, पशुपालन विभाग के अधिकारी को पशुपालक केसीसी के लक्ष्य पूर्ति करने तथा सभी गौशालाओं में गोवंश का वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत नंदा भलावे कुशरे, उपसंचालक कृषि विजय चौरसिया, प्रभारी उपायुक्त सहकारिता एनएस भाटी, जिला अग्रणी प्रबन्धक, उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






