शिक्षक एवं साहित्यकार
गुरुदीन वर्मा (जी.आजाद)
बारां (राजस्थान)
नहीं, अब नहीं सोचता मैं————— ?
———————————————————————
नहीं, अब नहीं सोचता मैं किसी के बारे में,
अच्छा तो, तुम्ही बताओ,
कि मैं किसके बारे में सोचूँ ,
उसके लिए सुखाऊँ अपने तन को,
और कष्ट दूँ अपनी आत्मा को,
जिसको अभी तक नहीं मुझपे भरोसा,
और उसके लिए छोड़ दिये मैंने सारे शौक/शोक।
नहीं, अब नहीं सोचता हूँ मैं किसी के बारे में,
अच्छा तो, तुम्ही बताओ,
कि मैं किसके बारे में सोचूँ ,
उनके लिए लिखूँ खत,
अपना कीमती समय नष्ट करके,
अपनी सारी मौजें छोड़कर,
जिनको नहीं मिलता समय,
मुझसे कभी बात करने के लिए,
और जो कभी कहते नहीं कि,
मैं उनका अपना रिश्तेदार हूँ।
नहीं, अब नहीं सोचता मैं किसी के बारे में,
अच्छा तो, तुम्ही बताओ,
कि मैं किसके बारे में सोचूँ ,
क्या उनके बारे में सोचूँ ,
और हो जाऊँ उनके लिए,
मैं बर्बाद और बदनाम,
जिन्होंने लूटा है हमेशा मुझको,
किया है मुझको बदनाम,
और उठाया है मेरा नाजायज फायदा,
मेरी शराफत और मेरी साफगोई का।
नहीं, अब नहीं सोचता मैं किसी के बारे में,
अच्छा तो, तुम्ही बताओ,
कि मैं किसके बारे में सोचूँ ,
क्या उसके लिए,
जिसको मुझसे कतई नहीं मोहब्बत,
जिसने कभी की नहीं मेरी इज्जत,
जो कभी मुझसे नहीं रहा वफ़ा,
जबकि मैंने कुर्बान कर दिया है,
सब कुछ उस पर,
नहीं, अब नहीं सोचता मैं किसी के बारे में।






