डॉ. सीमा विजयवर्गीय
एम.ए. (हिंदी व संगीत),
पी-एच.डी.-(राजस्थान वि.वि),
बी.एड. शैक्षणिक,
अलवर, राजस्थान
बारिश की बूँदें लिए, आ पहुँचा आषाढ़।
धरा-गगन का प्रेम फिर, होगा गुरुतर गाढ़।।
वो बूँदें आषाढ़ की, वो सुंदर संसार।
सोच रही है मल्लिका, कहाँ गया वो प्यार।।। मल्लिका- कालिदास की प्रेयसी
रुक जा ओ पागल पिकी, मत कर इतना शोर।
आ जाएगा एक दिन, तेरा भी चितचोर।।
ख़ूब निभाया रामजी, ख़ूब रखा है ध्यान।
पहली बारिश देखकर, भावुक हुआ किसान।।
रिमझिम रिमझिम बारिशें, बदरा गाए गान।
देता है आषाढ़ कुछ, सावन का अनुमान।।
हरडे, नीबू, सौंफ का, नियमित करें प्रयोग।
इसीतरह आषाढ़ में, ख़ुद को रखे निरोग।।
देव शयन को जा रहे, करने अब आराम।
चार महीनों के लिए, वर्जित मंगलकाम।।






