संवाददाता आगर-मालवा : गोवर्धन कुम्भकार।
कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जनसुनवाई की गई, जिसमें 83 आवेदन प्राप्त हुए आवेदनों का कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों से निराकरण करवाया तथा शेष आवेदन संबंधित विभागों को निराकरण के लिए सौंपे गए।
आगर-मालवा : कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में कुल 83 आवेदको द्वारा अपनी समस्याओं एवं शिकायत से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। जिनमें निराकरण योग्य आवेदनों का कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों से निराकरण करवाया तथा शेष आवेदन संबंधित विभागों को निराकरण के लिए सौंपे गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मनीषा कौल सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में आवेदक कनीराम पिता मेहताब निवासी कानड़ ने भूमि का नामांतरण के संबंध में आवेदन दिया। आवेदक ने बताए कि उसकी भूमि सर्वे क्रमांक 240, रकबा 0.015 हेक्टर स्व-अर्जित है, जिसका नामांतरण करवाने हेतु विधिवत नायब तहसीलदार कानड़ को समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसका नामांतरण लंबित है। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार कानड़ को आवेदन निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम बूढ़ाडूंगर निवासी बिहारीलाल ने कृषि भूमि पर अन्य व्यक्तियों द्वारा कब्जा कर लेने को लेकर आवेदन दिया। आवेदक ने बताया उसकी ग्राम स्थित सर्वे नंबर 316 रकबा 0.21 भूमि पर अनावेदक व्यक्तियों द्वारा जबरन कब्जा करने को लेकर झगड़ा किया जा रहा है। भूमि पर कब्जा करने से रोका जाए। कलेक्टर ने एसडीएम आगर को आवेदन निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम पालड़ा निवासी बद्रीलाल ने ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजना का लाभ नहीं दिए जाने के संबंध में आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि उसका नाम पीएम आवास योजना की सूची में है, किंतु सरपंच, सचिव द्वारा आवास योजना का लाभ देने से मना किया जा रहा है, इसके साथ ही अन्य शासन की योजनाओं के लाभ भी नहीं दिया गया है। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को आवेदन की जांच कर निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम सामरी निवासी हुकम सिंह ने कृषि भूमि पर आने-जाने का रास्ता दिलवाने के लिए आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि उसके द्वारा ग्राम बिसनी में विगत वर्ष भूमि खरीदी गई है, कृषि भूमि पर कृषि संबंधी संसाधन के लिए ट्रैक्टर ट्राली खेत पर ले जाने वाले रास्ते को गांव निवासी अनावेदक प्रेम सिंह द्वारा बंद कर दिया गया है। जिससे कृषि कार्य में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने तहसीलदार को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। आवेदक नैनसिंह निवासी मगरिया ने सहकारी संस्था मालनवासा के सेल्समैन द्वारा केसीसी एवं खाद बीज नहीं प्रदान करने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने उपायुक्त सहकारिता को आवेदन निराकरण करने के निर्देश दिए।






