काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
मां का संघर्ष
मां करती संघर्ष है, शिशु की पालनहार।
रखे उदर नौ माह तक, बनकर सेवनहार।।
प्रसव वेदना झेलती, सहती शिशु का भार।
जननी पीड़ा- कष्ट से, रचती है परिवार।।
शिशु का हाथ पकड़ चले, चलने का दे ज्ञान।
माता गुरु की भूमिका, में रखती है स्थान।।
बालक गलती जब करे, समझाती हर रोज।
जब बालक दिखता नहीं, करती उसकी खोज।।
शिशु मांश्री का प्राण है, वही सिर्फ है सर्व।
शिशु अरु जननी का मिलन, बहुत बड़ा है पर्व।।
शिशु को लगती चोट तो, चोटिल होती मात।
शिशु पड़ता बीमार जब, मां रोती दिन- रात।।
एक मात्र है शिशु सहज, माता का आधार।
शिशु बिन माता मृतक है, जीने को धिक्कार।।
आजीवन मां क्लेश सह, रखती शिशु खुशहाल।
माता के संघर्ष का, कौन जानता हाल??






