डा. सीमा विजयवर्गीय, अलवर, राजस्थान
वो जो पहली-पहली थी शायरी, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
वो ही बारिशें, वो ही रागिनी, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
उसी बाग का कोई फूल कब, मेरे गेसुओं में आ सज गया
वही बानगी, वही सादगी, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
सुनो मन्दिरों की वो घण्टियाँ और साथ चलते हुए क़दम
वही दीप और वो आरती, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
थी पहर-पहर की वो तड़पनें, थी पहर-पहर की वो उलझनें
थी पहर-पहर की वो बेकली, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
कोई भाव मरता है क्या कभी, कोई राग मरता है क्या कभी
ये तो जन्म-जन्मों की बात थी, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
नहीं रंग बदले ज़मीं कभी, नहीं रंग बदले ये आसमाँ
तुम्हीं ने कहा था यही कभी, कहीं भूल तो नहीं तुम गए
है हवा वही वही चाँदनी, वही बाग है वही बाँसुरी
उसी बाग की कली पूछती, कहीं भूल तो नहीं तुम गए






