संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
24 घंटे में सनसनीखेज हत्याकांड सुलझाया नौ साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका ही 15 वर्षीय परिचित नाबालिग किशोर निकला।
बड़ौद पुलिस की त्वरित और वैज्ञानिक जांच से खुला मामला।
बालक संप्रेषण गृह भेजा गया, हत्या का बर्बर तरीका-पहले लकड़ी की चारपाई (खाट) के पाये से हमला किया।
रस्सी से गला घोंटा और शव को बोरी में भर घसीटकर गड्ढे में फेंका।
आगर-मालवाः जिले के बड़ौद. ग्राम गुड़भेली में 9 वर्षीय मासूम आयुष मेघवाल की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझाकर न सिर्फ तेज कार्रवाई की मिसाल पेश की, बल्कि एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया। मासूम की बेरहमी से हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका ही 14-15 वर्षीय परिचित किशोर निकला।
घटना 17 जुलाई की है, जब आयुष पिता पन्नालाल मेघवाल के लापता होने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया था। कुछ घंटों बाद उसका शव निर्माणाधीन मकान के पीछे एक गड्ढे में प्लास्टिक की बोरी में बंद हालत में मिला। जैसे ही यह खबर फैली, क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बालक को फुसलाकर ले गया, खेल में विवाद हुआ तो ले ली जान
पुलिस पूछताछ में बाल अपचारी ने कबूला कि उसने आयुष को साइकिल चलाने का लालच देकर अपने निर्माणाधीन मकान में बुलाया। दोनों के बीच खेल-खेल में विवाद हुआ। जब आयुष ने इस बात की शिकायत अपने माता-पिता से करने की बात कही, तो किशोर डर गया। घबराहट और गुस्से में उसने लकड़ी की चारपाई के पाये से उस पर वार किया। दर्द से तड़पते आयुष के शोर मचाने पर किशोर ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद किशोर ने सोचा आयुष मर गया है। उसने शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर सुनसान गड्ढे तक घसीटते हुए ले जाकर फेंक दिया और भाग निकला।
पुलिस की तेज कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच ने सुलझाया मामला
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विनोदकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और त्वरित जांच के निर्देश दिए।
एएसपी रवींद्रकुमार बोयट व एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
टीआइ कृष्णकांत तिवारी, चौकी प्रभारी जोरावर सिंह और पुलिस बल भी पहुंचे। एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मौजूदगी में मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, जिनमें लकड़ी का खून लगा पाया, खून के धब्बे और शव को घसीटे जाने के निशान शामिल थे। पुलिस ने धारा 103(1) (हत्या) और धारा 238 (साक्ष्य छिपाने की मंशा) के तहत अज्ञात के विरुद्ध अपराध क्रमांक 133/2025 दर्ज किया और जांच को वैज्ञानिक व कानूनी दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया।
संदेह में आया किशोर, पूछताछ में उगला सच
टीआइ तिवारी ने बताया कि मामले की तह तक जाते हुए एक किशोर पुलिस के संदेह के दायरे में आया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे किशोर न्याय बोर्ड, आगर के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से आदेश मिलने पर बाल संप्रेषण गृह, उज्जैन भेजा।
समाज को झकझोरा
एक मासूम की इस तरह निर्मम हत्या ने न केवल पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया, बल्कि यह भी दिखाया कि किस तरह एक तथाकथित ‘खेल’ हत्या में बदल सकता है। बड़ौद पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और संवेदनशीलता ने इस गुत्थी को चौंकाने वाले लेकिन सटीक अंजाम तक पहुंचाया।






