ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
जिला अस्पताल में लगेगी नई लिफ्ट, गंभीर मरीजों को मिलेगी लंबी सीढ़ियां चढ़ने से छुटकारा।
अल्मोड़ाः पंडित हर गोविंद पंत जिला अस्पताल अल्मोड़ा में लंबे समय से प्रतीक्षित नई लिफ्ट की सौगात बहुत जल्द मिलने जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने जनहित में लंबे समय से जिला अस्पताल में लिफ्ट व अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के आवाज उठाते रहे, जिसके फलस्वरूप आज उनकी ये पहल सफल होते नजर आ रही है।
श्री पांडे ने बताया कि उन्होंने 2024 में संबंधित विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा था जो आज सार्थक सिद्ध हो रहा है। अस्पताल में इस लिफ्ट स्थापना से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों व दिव्यांग व्यक्तियों को अब चार मंजिला इमारत की सीढ़ियां चढ़ने की पीड़ा से मुक्ति मिलेगी। वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 500 से अधिक मरीज पहुंचते हैं, जिनमें अधिकतर वे लोग होते हैं जिनके लिए सीढ़ियां चढ़ना एक बड़ी चुनौती होती है।
संजय पांडे ने बताया कि पिछली दोनों लिफ्टें गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतरी, जिससे इनमें बार बार खराबी की शिकायतें आती रहती थीं। इस बार इन बातों को ध्यान में रखते हुए विशेष आग्रह किया गया है कि जो लिफ्ट लगाई जाएगी वह न केवल आधुनिक हो बल्कि टिकाऊ और भरोसेमंद भी हो। फिलहाल अस्पताल में जो लिफ्ट संचालित है वह भी जिला चिकित्सालय हरीद्वार के नाम से है, यानी स्थायी समाधान नहीं बल्कि एक अस्थायी व्यवस्था है।
अस्पताल में अब जो नई लिफ्ट लगने जा रही है वह 20 लोगों की भार वहन क्षमता वाली होगी और इसे स्वास्थ मुख्यालय द्वारा अनुमोदित किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ एच सी गड़कोटी ने भी इसकी पुष्टि की है कि यह कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
इस पहल से एक बार फिर साबित हुआ है कि सही नीयत, नीति और एकजुटता हो तो बदलाव संभव है। संजय पांडे ने पहले भी जिला चिकित्सालय में सिटी स्कैन मशीन, एमआरआई, ईएनटी विशेषज्ञ, ओडियोमेट्री सुविधा और ब्लड बैंक जैसे कई महत्वपूर्ण जनहित कार्यों की मांग को लेकर अग्रणी भूमिका निभाई है।








