राजेन्द्र रंजन गायकवाड़
(सेवानिवृत्त जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
प्रेम पच्चीसा (भाग 13 )
माया की आँखें उस दृश्य को देखकर नम हो गईं। वहाँ, संप्रेक्षण गृह की दीवारों के बीच, दर्जनों बच्चे—जिनकी उम्र मुश्किल से 07 से 18 साल की होगी—एक-दूसरे से सटकर बैठे थे। कमरे में हवा का नामो-निशान नहीं, फर्श पर फैली गंदगी और दीवारों पर उकेरी गई उदासी की कहानियाँ। आदर्श समाज संस्था सेवी संयोजिका, मालती दीदी, जो सामाजिक कार्यकर्ता ने माया का हाथ पकड़कर कहा, “देखो माया, ये सिर्फ अपराधी नहीं हैं। ये समाज की उपेक्षा के शिकार हैं। लेकिन कुछेक लालची लोगों के कारण सिस्टम इतना जर्जर है कि सुधार की बजाय, ये बच्चे और बिगड़ जाते हैं।” आखिर बाल सुधार गृह में नहीं सुधरेंगे तो यही बच्चे बड़े होकर जघन्य अपराधी बनेंगे।
माया कहती है दीदी हर माह देश के किसी न किसी बाल संप्रेषण गृह से बच्चे फरार होकर बड़ी घटना को अंजाम दे रहें हैं। माया, जो अपनी पत्रकारिता में हमेशा रचनात्मकता से सच्चाई को उजागर करती थी, ने अपना नोटबुक निकाला। “दीदी, मैं यहाँ की सच्चाई को दुनिया के सामने लाऊँगी। लेकिन पहल ये बच्चे यहाँ कैसे पहुँचते हैं? क्या कोई सुधार कार्यक्रम है?” मालती दीदी ने एक गहरी सांस ली और बोलीं, “ज्यादातर गरीबी, परिवार की टूटन या गलत संगत से के साथ ही अंधी आधुनिकता के शिकार बच्चे सुधर सकते हैं। इनके सुधार कार्यक्रम तो हैं कागजों पर, लेकिन फंडिंग की कमी और स्टाफ की उदासीनता से सब बेकार है।
पिछले महीने एक बच्चा, रवि, जो चोरी के आरोप में आया था, ने खुद को चोट पहुँचाने की कोशिश की हम उसे संप्रेषण गृह के स्टाफ के त्वरित सहयोग से बचा सके, लेकिन कितनों को बचा पाएँगे?”
माया का मन विचलित था लेकिन उसकी रचनात्मकता जाग उठी। वह सोचने लगी कि सिर्फ रिपोर्ट लिखने से क्या होगा? क्यों न एक अभियान शुरू किया जाए? अगले दिन, माया ने अपने अखबार में एक सीरीज शुरू की
“बाल अपराधी: सुधार की राह”।
पहली किस्त में उसने संप्रेक्षण गृह की तस्वीरें और बच्चों की कहानियाँ छापीं, बिना नाम लिए, उनकी गोपनीयता का खयाल रखते हुए।
प्रतिक्रिया जबरदस्त थी। सोशल मीडिया पर हैशटैग SaveOurKids & Society ट्रेंड करने लगा।
लेकिन कहानी नये मोड़ पर है। एक शाम, माया को एक अनजान नंबर से कॉल आया। “मैडम, आपकी रिपोर्ट से हमारी नौकरी जा रही है। रुक जाओ, वरना…” धमकी थी अंजान नंबर से,माया डरी नहीं, बल्कि और मज़बूत हो गई। मालती दीदी के साथ मिलकर लगातार काम शुरू किया, जहाँ और बच्चे कला, संगीत और शिक्षा से जुड़ सकें। धीरे-धीरे, संप्रेक्षण गृह में बदलाव आने लगा—नए फंड्स, बेहतर सुविधाएँ। माया की कहानी अब सिर्फ़ पत्रकारिता की नहीं, बल्कि परिवर्तन की बन गई। लेकिन क्या ये बदलाव स्थायी होगा? या फिर सिस्टम की जड़ें और गहरी हैं? सच्चाई जारी है…
(भाग 14)






