डा. सीमा विजयवर्गीय
अलवर, राजस्थान।
अँग्रेजी में हो रहे, सब सरकारी काम।
भाषा की ये गुत्थियाँ, कब सुलझेंगी राम।।
अपनी भाषा का करें, हरपल हम सम्मान।
एकसाथ मिलकर कहें, हिंदी हिंदुस्तान।।
सारे जग में गूँजती, इसकी जयजयकार।
मत बन तू अँग्रेज अब, हिंदी को उच्चार।।
संस्कृत से लेकर चली, वो गहरा विश्वास।
पर संघर्षों से भरा, हिंदी का इतिहास।।
ब्रज-अवधी इसकी सखी, बनी रही फिर ख़ास।
सभी बोलियों से रहा, हिंदी का मृदुहास।।
सब लिपियों से नागरी, है कितनी अनमोल।
लिखते हम जैसा यहाँ, वैसे बोलें बोल।।
अपनी भाषा में करें, हम अपना संवाद।
सही रूप में तो तभी, हम होंगे आज़ाद।।







