डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी, उ. प्र.।
चाँदनी की रात
रात चांदनी आज सगुन है।
स्नेह भाव सम्पन्न मग्न है।।
शांति दूत बन कर आती है।
प्रीति महल बन मिल जाती है।।
कविता में उपयुक्त तुम्हीं हो।
गीत मधुर में लिप्त तुम्हीं हो।।
सरस सलिल साहित्य बनी तुम।
सहज गमकती रहती हो तुम।।
स्वयं मिलन की राह बताती।
प्रेम धाम की चाह जगाती।।
मोहक स्वप्न बनी आती हो।
सुखद कल्पना बन जाती हो।।
परम सुहानी भव्य सुघर हो।
स्तुत्य मनोहर शीतल घर हो।।
आकर्षक अतुलित मधु प्रतिमा।
अतिशय भावुक निर्मल उपमा।।







