डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ.प्र.)
फिर भी मत घबराएँ
रहे कंटकाकीर्ण प्रगति-पथ,
फिर भी मत घबराएँ।
धैर्य बनाकर निज विवेक से,
आगे क़दम बढ़ाएँ।।
कहीं मिलेंगे ऊँचे पर्वत,
कहीं प्रबल जल-धारा।
घने जंगलों की राहों का,
मिलता नहीं किनारा।
अनचाही आवाज़ें जब-तब,
सहसा मन भरमाएँ।।
फिर भी मत घबराएँ।।
सर्दी-गर्मी-बरसातों के,
फेरे लगते रहते।
मार मौसमी से भी सच्चे,
राही कभी न डरते।
नभ में काली यद्यपि जब-तब,
छाएँ सघन घटाएँ।।
फिर भी मत घबराएँ।।
मन मानव का चंचल होता,
इत-उत भटका करता।
बँधा हुआ माया-बंधन में,
जब-तब अटका रहता।
चंचल मन जब उड़ता रहता,
करतीं भ्रमित दिशाएँ।।
फिर भी मत घबराएँ।।
झंझावातों से टकराना,
यही नियति का लेखा।
तिल का बनता ताड़ शीघ्र ही,
नहीं किसी ने देखा।
कभी बने यह ताड़ शीघ्र तिल,
दुखद घटें घटनाएँ।।
फिर भी मत घबराएँ।।
धैर्य बना कर निज विवेक से,
आगे कदम बढ़ाएँ।।






