डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ.प्र.)
गजल
दामन छुड़ा के मुझसे जाओगे तुम कहाँ,
तुमको मिले न चैन कभी जाओ भले जहाँ।।
ले के प्रकाश सूर्य से ये चाँद चमकता,
चमकूँगी मैं ख़ुदा कसम बन के केहकशाँ।।
तेरी अदा के कायल गोया के हम रहे,
बन के रहेंगे हम कभी तो प्यार का निशाँ।।
हो जाता है बूढ़ा ये तो जिस्म एक दिन,
आशिक़ का दिल हमेशा रहता ही है जवाँ।।
पहाड़ों के सीने चीर चश्में सदा बहें,
सकती न बुझा आँधियाँ उल्फ़त के चरागाँ।।
जा उन्हें दे दे कोई पैग़ाम ये मेरा,
छोड़ेंगे मेरा दामन ये था मुझे गुमाँ।।
भागे भले ही प्यार जग से जिस्म छोड़ के,
रहता सदा ये जिंदा ऊपर जो आसमाँ।।
दोहे (दीपावली)
जल-जल कर दीपक हरे, दुखद अँधेरा-कोप।
रवि-प्रकाश उद्दीप्त जिमि, करे निशा-तम-लोप।।
अति पुनीत दीपावली, है प्रकाश का पर्व।
दीप प्रज्ज्वलित कर मुदित, मिलें गले जन सर्व।।
मधुर वचन-मिष्ठान्न का, यह प्रकाश – त्यौहार।
रहे छुपाए हृदय में, मेल – जोल का सार।।
विमल सोच की ज्योति जल, करे जगत उजियार।
जगमग – जगमग ज्योति को, नमन सहस्त्रों बार।।
सुखद-शुभद सब पर्व हों, मुदित रहें सब लोग।
ये परिभाषा प्रेम की, जिसका उत्तम भोग।।
कर्म धर्म, पूजा यही, इसका फल अमिताभ।
करे कर्म जो मन लगा, मिले उसे शुभ – लाभ।।
विष्णु-प्रिया माँ लक्ष्मी, हैं गौरी का रूप।
माँ गौरी शंकर-प्रिया, शंकर देव अनूप।।






