डॉ0हरि नाथ मिश्र, अयोध्या।
(नया अध्याय, देहरादून)
गीत-झंकृत मन के तार…..
झंकृत मन के तार हुए तो,
बलखाता सा गीत बना।
भाव-तरंगों की छलनी से,
स्वर भी निकला छना-छना।।
निरख लालिमा उषः काल की,
शब्दों ने आकार लिया।
विमल चंद्र के शुचि प्रकाश ने,
अर्थों को साकार किया।
वन-उपवन की हरियाली सँग,
बना गीत-कुल पगा-सना।
स्वर भी निकला छना-छना।
पशु-पंछी की बोली-भाषा,
सुन-सुन सीखा कवि-मन ने।
सरिता की धारा से सीखा,
अविरल गति के लेखन ने।
दिये प्रशिक्षण उसको ही तो,
तरुवर-शाखा और तना।।
स्वर भी निकला छना-छना।।
भाव-सिंधु में डूब-डूब कर,
जब कवि खाया हिचकोले।
चिंतन उसका चित्र उकेरा,
मानस पर हौले-हौले।
तब जन्मी सुंदर कविता भी,
लिए काव्य रस घना-घना।।
स्वर भी निकला छना-छना।।
कवि-मन चंचल पंछी जैसा,
इधर-उधर भटका करता।
जहाँ हुआ आभास सत्य का,
वहीं रुका-अटका रहता।
रचना कर सुंदर गीतों का,
सदा रहे उन्मुक्त मना।।
स्वर भी निकला छना-छना।।
गीत (हल्की-हल्की ठंड)
हल्की-हल्की ठंड लिए ऋतु,
आई शरद सुहावन है।
निर्मल-नीला अंबर ऊपर-
शीतल शशि मन-भावन है।।
विविध गुलाबों की सुगंध सँग
खिली रात की रानी भी।
कास-पुष्प की कहे धवलिमा,
वर्षा विगत कहानी भी।
खिली कमलिनी सरोवरों में-
लगती परम लुभावन है।
हल्की-हल्की ठंड………….।।
हल्की-हल्की हवा बहे जब,
तन में सिहरन तब होती।
इसे गुलाबी जाड़ा कहते,
नहीं प्रकृति गरिमा खोती।
आधा शरद-गरम यह मौसम-
लगता कितना पावन है।
हल्की-हल्की ठंड……………।।
धान कटेगा,खेत जुतेंगे,
गेहूँ-रबी-फसल होगी।
फूलेंगी सरसों भी खुश हो,
पीली अवनि-चुनर होगी।
महि को बना नई दुल्हन ऋतु-
बनती चित-हर्षावन है।।
हल्की-हल्की ठंड………..।।
जब यह बढ़कर हाड़ कँपाती,
देती कष्ट सभी जन को।
ऊनी कंबल और रजाई,
तब देते सुख तन-मन को।
पर देती पुनि यह वसंत भी-
जो केवल सुख-आवन है।।
हल्की-हल्की ठंड…………।।
यदि वसंत को राजा कहते,
शरद सभी ऋतु-रानी है।
नशा-ख़ुमारी ऋतु वसंत की,
समझो,शरद-जवानी है।
ऋतुएँ देतीं सुख जीवन को-
जीवन आवन-जावन है।
हल्की-हल्की ठंड लिए ऋतु,
आई शरद सुहावन है।।






