सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
“जीवन का सार: सरलता, संतुलन और निरर्थक चिंताओं से मुक्ति” — सुश्री सरोज कंसारी
————————————
जीवन की पूरी यात्रा हमारे भीतर से शुरू होकर बाहर की ओर जाती है। वास्तव में, मन ही सब कुछ होता है। यह हमारे अस्तित्व का वह केंद्र है, जो यदि सधा हुआ है तो पूरा संसार अपना लगता है, और यदि यह बिखर जाए तो सब कुछ व्यर्थ लगने लगता है। इसलिए, सबसे महत्वपूर्ण कार्य इस मन को कभी टूटने न देना है। एक बार जब मन का मनोबल गिर जाता है, तो संसार की कोई भी भौतिक सुख-सुविधा उसे आनंदित नहीं कर पाती। जीवन की सरलता का मार्ग…जीवन की सरलता का मार्ग “और चाहिए” से “काफी है” तक के सफर में छिपा है। यह सफर बाहर नहीं, बल्कि हमारे भीतर होता है। जब हम हर दिन कुछ और पाने की दौड़ में रहते हैं, तो जो हमारे पास है उसकी मिठास महसूस ही नहीं कर पाते। “काफी है” कहना हार मानना नहीं, बल्कि यह समझदारी है कि मेरी जरूरतें सीमित हैं, लेकिन इच्छाएँ अनंत। खुशी तब नहीं आती जब सब कुछ मिल जाए, बल्कि तब आती है जब जो मिला है उसे दिल से अपनाया जाए। धैर्य और समय: महानतम योद्धा इतिहास गवाह है कि धैर्य और समय युग के सबसे बड़े योद्धाओं में से एक होते हैं। समय कितना भी कठिन क्यों न हो, वह ठहरता नहीं है। जो व्यक्ति समय की चाल को समझकर धैर्य का कवच धारण कर लेता है, वह अंततः विजयी होता है। कहा भी गया है कि दुखों की सबसे अचूक दवा धैर्य है।
सच्ची विजय: स्वयं पर अधिकार
संसार का सबसे बड़ा युद्ध हमारे अपने भीतर लड़ा जाता है। जैसा कि कहा गया है— “मन के जीते जीत है, मन के हारे हार।” यदि आपका मन अडिग है, तो आप शून्य से भी साम्राज्य खड़ा कर सकते हैं। खुद को जीतने का यह युद्ध तीन अस्त्रों से जीता जाता है: धैर्य, आत्म-निरीक्षण और निरंतर अभ्यास।सहजता ही समाधान है…अंततः, हमें यह समझना होगा कि इस जीवन में कुछ भी इतना गंभीर नहीं है कि व्यक्ति अपनी सहज मुस्कान खो दे। यह सब समय की धारा है— कुछ बह जाएगा, कुछ ठहर जाएगा; फिर यह अकारण व्याकुलता कैसी? जीवन को सरलता तथा संतुलन के साथ जीते हुए निरर्थक चिंताओं से मुक्त रहना ही सार्थकता है। जब आप अपनी शांति को प्राथमिकता बनाते हैं, तो दुनिया की कोई भी हलचल आपको विचलित नहीं कर सकती। मन को और शुद्ध तथा सार्थक बनाना ही हमारा अंतिम लक्ष्य होना चाहिए।
————————————–






