सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम,
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
बुराई कितनी भी शक्तिशाली हो, अच्छाई की जीत अवश्य होती है!
– सुश्री सरोज कंसारी
————————————————-
भारत एक ऐसा देश है जहां की सभ्यता एवं संस्कृति की एक अनूठी विशेषता है। पग-पग पर आपसी एकता, सहयोग एवं सौहार्द के दर्शन होते हैं। सरलता, सहजता एवं स्नेह की धारा बहती है। अलग-अलग भाषा-बोली, रहन-सहन, वेश-भूषा और अपनी परंपरा और रीति-रिवाज होते हुए भी लोग एक दूसरे के प्रति प्रेम व अपनेपन के भाव से जुड़े हैं। जहां अनेकता में एकता के दर्शन होते हैं। किसी देश की समृद्धि का आधार वहां रहने वाले लोगों के आपसी सूझबूझ, मिलजुल कर विचार से कार्य करने की प्रवृत्ति होती है। थकान भरे इस जीवन में फुर्सत के कुछ पल जब अपनों के संग बिताए जाते हैं, वह बहुत ही सुकून भरा होता है। जीवन की व्यस्तता और लगातार कार्य से मन में कहीं न कहीं उल्लास एवं उमंग की चाह होती है। ऐसी ही अपनी प्राचीन परंपरा को जीवित रखने में तीज-त्यौहार महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हैं। वैसे तो बारह मास यहाँ कोई न कोई उत्सव होते रहते हैं, जैसे – सावन झूला, रक्षाबंधन, दशहरा, दीपावली, हरेली, तीजा-पोला, नवरात्री, मकर संक्रांति, छेरछेरा, बसंत पंचमी, शिवरात्रि, मड़ई मेला आदि। हर त्यौहार के पीछे कोई न कोई पौराणिक कथा और महत्व होता है, जो हमें जीवन की छोटी-छोटी खुशियों के हर पल का आनंद लेने, उसमें डूब जाने और हर गम को भूलकर जीने को प्रेरित करते हैं। तीज-त्यौहार ही होते हैं जो अव्यवस्थित मानव समूह को एकत्रित कर सुव्यवस्थित जीवनशैली का हमें परिचय देते हैं। रीति-रिवाज का महत्व समझाते हैं ताकि आने वाली पीढ़ी इसे सहेजकर रख सके और अपनी सभ्यता से जुड़कर रहें। धर्म और आध्यात्म की यहां बहती है बयार, जो मानव मन में संयम और मर्यादित आचरण का संचार करती है। अस्था और विश्वास प्रबल होती है, वहां हर कुविचार का अंत स्वमेव हो जाता है। भक्ति ही एक माध्यम है जो ईश्वर तक पहुँचाती है। सत्य की जीत सदा ही होती है, कितनी ही अंधेरी रात हो, आत्मबल से उम्मीद की एक नई किरण जलती है…ऐसे ही भक्त और भगवान से जुड़ी कथा जो बताती है कि किसी के प्रति बैर, छल-कपट, ईर्ष्या-द्वेष, घमंड और बुरे भाव का अंत अवश्य होता है। कोई भी व्यक्ति कितना ही शक्तिशाली क्यों न हो, वह ईश्वर से अधिक बलवान नहीं हो सकता, क्योंकि उसकी सत्ता से ही इस संसार के समस्त प्राणी का जीवन संचालित है। उसकी मौजूदगी सृष्टि के हर कण में है, इसलिए हमेशा सद्भाव रखना चाहिए। भूलकर भी किसी के बारे में गलत धारणा नहीं बनानी चाहिए…पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन काल में एक राक्षसी प्रवृत्ति के राजा हिरण्यकश्यप थे, जिसमें बहुत ही अहम के भाव थे, खुद को ईश्वर तुल्य मानते थे और अपनी प्रजा को भी अपनी पूजा करने के लिए विवश करते थे। वहां ईश्वर की भक्ति पर पाबंदी थी, वहां की प्रजा उनको ही ईश्वर मानती थी। उनका एक पुत्र था – प्रहलाद, जो भगवान श्री हरि का भक्त था और दिन भर उसी का ध्यान स्मरण करता था। जिससे उनके पिता क्रोधित होते, मना करने पर भी वह ईश्वर भक्ति नहीं छोड़ा। उसे कई तरह के कठोर दंड दिए गए, फिर भी वह ईश्वर भक्ति से तनिक भी दूर नहीं हुआ। तब क्रोधित होकर हिरण्यकश्यप ने अपनी बहिन होलिका, जिसे अग्नि में भस्म न होने का वरदान प्राप्त था, उसे आदेश दिया कि बालक प्रह्लाद को अपनी गोद में लेकर आग में बैठने का, उसने वैसे ही किया। प्रहलाद फिर भी भगवान का स्मरण करते रहे, होलिका अग्नि में जलकर भस्म हो गई और बालक प्रहलाद बच गया। होलिका को कुविचार का प्रतीक और प्रह्लाद को आनंद और भक्ति की शक्ति के रूप में मानकर तब से होलिका दहन की परंपरा प्रचलित हुई। भक्त की भक्ति जब चरम सीमा में पहुँच जाती है, तो भगवान मुसीबत के समय रक्षा करने स्वयं आते हैं। धर्मशास्त्र ही हैं जो जीवन की डगमगाती नैया को पार लगाते हैं। हमें ज्ञान कराते हैं कि मानव जीवन का लक्ष्य धर्म सम्मत आचरण करना है। उसकी सत्ता को स्वीकार कर मानव मात्र की मंगलकामना करना और सांसारिक भोग-विलास में लिप्त न रहते हुए नेक कर्म करते रहना है। कभी भी धन ऐश्वर्य पाकर अपने पद का घमंड नहीं करना चाहिए। चाहे हम कहीं भी रहें, हर पल ईश्वर का ध्यान करना चाहिए। गलत कार्य और सोच का नतीजा कभी भी सही नहीं हो सकता। जो सदैव सत्य के साथ होते हैं, उनकी जीत अवश्य होती है। होलिका दहन एक संकेत है कि हर बुराई को अग्नि अपने में समाहित कर सद्कर्म की तेज ज्वाला प्रदान कर हमारा मार्ग प्रशस्त करती है। कितने भी अपने या करीबी हों, उनके बुरे कर्म में कभी सहभागी नहीं होना चाहिए। आत्मिक शक्ति का बोध होना जीवन का सार है। होलिका दहन की कथा सभी को सिखाती है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अच्छाई की जीत हमेशा होती है। होलिका का जलना और प्रहलाद का बच जाना इस बात का प्रतीक है कि सत्य और धर्म की शक्ति कभी हारती नहीं।
———————————-






