राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
________________________
अक़्लमंद तो था नहीं.
________________________
अक़्लमंद तो था नहीं
जेब से भी था खाली-खाली ही
मगर गर्दन में ऐंठन थी थोड़ी
कि जो जाती न थी
रोना था, इसी बात का रोना था
कि ज़रा भी झुकता न था
जो झुक जाता,
थोड़ा-सा भी झुक जाता, तो पाता
फिर इतना-इतना कुछ पाता
उठाता स्वर्ण-मुद्राएँ, गिनना भूल जाता
कि ठीक से संभाल भी नहीं पाता
सिर्फ़ इतनी-सी थी जिद मेरी
कि नहीं हो शर्त कोई जीवन में जीने की
असहमति के लिए बची रहे जगह
जगह-जगह, हर जगह
अगर हो जाता शामिल मैं भी सहमतों में
तब न ऐंठन होती, न कविता होती, न मैं
चाहता हूँ, यही चाहता हूॅं
कि बची रहे
ये ऐंठन बची रहे
कविता में कविता की ऐंठन बची रहे
कविता बची रहे,जीवन बचा रहे
मैं रहूँ,न रहूँ जरुरी तो नहीं
कवि बचा रहे.
________________________
जागेगा सच और सब में.
________________________
दु:ख, प्रेम, सपने और कविताऍं
कहने लगे कि एक दिन, किसी एक दिन
रहेंगे, सब रहेंगे साथ-साथ और यहीं
नदियों में प्रवाह और घुमाव बने रहेंगे सब
झरनों का गिरना और उछलना बना रहेगा
आँधियों से वृक्षों का टकराना बना रहेगा
मैं नहीं रहूँगा, तुम नहीं रहोगे, नहीं रहेंगे वे
बाॅंसवन रहेगा, बाँसुरी रहेगी, गूँज रहेगी
जो जगाती रहेगी आग, पकाती रहेगी अन्न
जागेगा सच और सब में.
________________________






