ब्यूरो नया अध्याय-
विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करेगी युवा शक्ति:
नगर महा पौर कोलगानी श्रीनिवास।
करीमनगरः 28 फरवरी 2026ः श्री राजराजेश्वर राजकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय (स्वायत्त), करीमनगर में आज ‘विकसित भारत – 2047’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कलुवकुंटा रामकृष्ण की अध्यक्षता में और एनएसएसके तत्वावधान में “आपातकाल के 50 वर्ष – सीखने योग्य सबक” विषय पर ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ के जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करीमनगर के महा पौर श्री कोलानी श्रीनिवास ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प एक महान लक्ष्य है और भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे निर्णायक होगी। उन्होंने रेखांकित किया कि वर्तमान में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और बहुत जल्द हम तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहे हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नीति निर्माताओं, उत्पादकों, उद्यमियों और विशेष रूप से युवाओं को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की ‘यूथ पार्लियामेंट’ प्रतियोगिताओं से छात्रों की अभिव्यक्ति क्षमता, भाषा कौशल और नेतृत्व गुणों में निखार आता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.कलुवकुण्टा रामकृष्णा ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास ही विकसित भारत का मुख्य आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है, जो हमारे विकास के लिए एक ‘जनसांख्यिकीय लाभांश’ यानी वरदान की तरह है। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए लगभग 250 छात्रों ने उत्साहपूर्वक पंजीकरण कराया है। चयन प्रक्रिया के तहत कॉलेज स्तर पर विजयी होने वाले छात्र राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे और वहां के विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संसद भवन में अपने विचार रखने का ऐतिहासिक अवसर प्राप्त होगा। एनवाईके जिला युवा अधिकारी वेंकट रामबाबू ने साझा किया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रधानमंत्री के हाथों पुरस्कृत होने और अपने संस्थान का नाम रोशन करने का मौका मिलेगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. एम. सत्य प्रकाश, सोम नरसैया, डॉ. जी. पुरुषोत्तम, डॉ. विजय कुमार और संतोष कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उप-प्राचार्य नितिन पारेख, टी. राजैया, टीजीसीजीटीए के प्रदेश महासचिव डॉ. कडारु सुरेंदर रेड्डी, विकसित भारत की जिला नोडल अधिकारी एलिजाबेथ रानी, परीक्षा नियंत्रक टी. श्रीनिवास, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. हरजोत कौर, डॉ. मल्लारम् श्रीनिवास रेड्डी सहित एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कोमपल्ली अर्जुन, डॉ. पडाला तिरुपति, गुर्रम राजेंदर एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।






