सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम,
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)

इस होली पर, विश्व में बंधुत्व का संदेश फैलाओ! मानव खुद को मानवीय गुणों से युक्त बनाएँ :
सुश्री सरोज कंसारी
———————————-
इस संसार में जंग जहाँ छिड़ी हुई है…इसकी भले की कामना हों। संसार में सद्भावना स्थापित करने का प्रयत्न करें। होली अंतर्मन को खुशियों से भींगो लेने का आत्मीय अनुभूति है। नफरत के अंत व समस्त मनुष्य से प्रेम के इजहार का पर्व होली है। जीवन के सौंदर्य को खुद में समाहित कर लेने की वजह होली देती है। प्रत्येक इंसान के जीवन के विविध पक्ष होते हैं, जिसमें कभी खुशियों के रंग होते हैं, तो कभी दुख की काली परछाई होती है। किसी का जीवन एकदम कोरा नहीं होता। अपने कर्म, व्यवहार और सोच से अपने पसंद के रंग भरने की कोशिश हर कोई करता है…वैसे तो जीवन का हर लम्हा एक अंजान सफर है, फिर भी हम चलते हैं इसी उम्मीद में कि मंजिल एक दिन मिलेगी। कोशिश करने से हमें कभी सफलता मिलती है, कभी अनुभव। मानव जीवन अपने आप श्रेष्ठ है, जो अपनी कल्पना से हर पल हौंसले की नई उड़ान भरता है। सांसारिक जीवन का निर्वहन करते हुए रिश्ते-नाते और जिम्मेदारी में बंधकर सभी अपनी राह चलते हैं। व्यस्त जीवन शैली या किसी मजबूरी के चलते कई बार हम अपने मित्रों, स्नेहीजनों या पसंद के लोगों से मिल नहीं पाते। पर जिनसे आत्मीय लगाव होता है, वे दिल में रहते हैं। किसी न किसी बहाने वे कभी यादों से या बातों से हमें स्पर्श करते रहते हैं। बस उनसे मुलाकात का इंतजार हमेशा रहता है। हम उत्सुक होते हैं उन्हें देखने, सुनने या मिलने के लिए। वे हमेशा एक सुखद एहसास बनकर अंतर्मन में रहते हैं। यहीं है प्रेम का सबसे प्यारा रूप, जिसे पाने की चाहत सभी को होती है। वे कभी दिल से जुदा नहीं होते। वैसे तो हम बहुत से त्यौहार मनाते हैं, सभी का अपनी जगह अपना अलग महत्व होता है। जीवन के विविध पहलुओं से जुड़ा एक ऐसा ही हर्ष और उल्लास से भरा रंगों का पर्व है होली। जिसमें मानवीय भावनाएं जुड़ी होती हैं, जो हमें बताती हैं कि जीवन के विभिन्न रंगों में सबसे गहरा और पक्का रंग प्यार का रंग होता है। जो प्रेम के रंग में डूबे होते हैं, वे संसार की खूबसूरती को हर पल महसूस करते हैं। प्रेम को जो जीवन मानते हैं, उनके लिए दूरियां मायने नहीं। सच्चे प्रेम से जीवन में अदभुत कार्य और परिणाम मिलते हैं। जिनका हृदय प्रेम से भरा होता है, वे एकदम नि:स्वार्थ होते हैं। दुख-दर्द और गम का हर बोझ वे आसानी से सहन कर लेते हैं। जब दिल में किसी से नाता सच्चा हो, तो अनावश्यक तनाव उनके पास नहीं रहता। होली जीवन की इस भागदौड़ से भरी व्यस्त जीवन शैली और तनाव से भरे मन-मस्तिष्क को मौज-मस्ती के पल प्रदान करती है। हर समस्याओं और गम को भूलकर इस पल के हो जाने के लिए नई ताजगी प्रदान करती है। नफरत के अंत और समस्त मनुष्य से प्रेम के इजहार, जीवन के सौंदर्य को खुद में समाहित कर लेने की वजह देती है होली। होली में हमें अंतर्मन को खुशियों से भींगो लेने के लिए कुछ फ़ुरसत के पल मिलते हैं। जिसमें झूठ, छल-कपट, ईर्ष्या-द्वेष, षड्यंत्र सब रंग भरी पिचकारी की फुहार से धुल जाते हैं। होली मात्र मौज-मस्ती कर लेने का पर्व नहीं है, होली से हम जीवन जीने की कला सीखते हैं। होली प्रेम को महसूस करने, अपनों से जुड़ने, सभी को गले लगाकर गिले-शिकवे मिटाने, सत्य का साथ देने, वफादार बनने, त्याग-तपस्या, साधना और मर्यादित जीवन जीने का संकल्प है। जिसे जीवन में अनुकरण कर मानव जीवन को सफल और सार्थक बना सकते हैं। होली से बेरंग उदास जीवन में विभिन्न रंगों के स्पर्श से मन पवित्र और सद्विचार का संचार होता है। ऊंच-नीच के भेद दूर होकर सभी एकता के सूत्र में बंध जाते हैं। मन के मिलन से जीवन की असली सुंदरता प्रकट होती है और एक नई शुरुआत होती है। जिसमें सिर्फ जीने की चाह प्रबल होती है। होली शब्द ही जीवन में विभिन्न खुशियों के रंग घोलती है। मन की कल्पनाओं में नई उमंग उठती है, मस्त माहौल में हर गम से परे हम आनंदित और उत्साह से भर जाते हैं। होली मस्ती-खुशी और प्रीत की हर रीत निभाने का पर्व है। जो हर कड़वाहट को मिटाकर विश्व बंधुत्व के रंग में हमें रंग देती है। होली समस्त मानव को आपसी भाईचारे, एकता और आत्मीयता के सूत्र में बांधकर हर मन को विभिन्नता में एकता के रंग में रंग देती है। होली में ढोलक की थाप पर थिरकते मस्तों की टोली बिंदास टोली होती है, जो अपनी धुन में मग्न होकर चहुं ओर फाल्गुन के रंग बिखेरते हैं। यूं तो त्यौहार से जीवन में खुशियां ही आती हैं। परन्तु, बदलते दौर में हर तीज-त्यौहार अब सिर्फ औपचारिक रूप में ही मनाई जाती है। न हम अपनी प्राचीन संस्कृति को जानने की कोशिश करते हैं, न ही महत्व और उसके उद्देश्य को जानने या सीखने की कोशिश करते हैं। बस किसी भी त्यौहार को अपने अनुसार मना लेते हैं। न ही नियम का पालन करते हैं, न ही आधुनिक पीढ़ी में उसके प्रति जिज्ञासा होती है। यही वजह है कि आधुनिक माहौल में सिर्फ बाह्य दिखावे रूप में ही त्यौहार मनाई जाती है। दिल में खुशियों की कोई अनुभूति या उसके प्रति उत्सुकता नहीं रह गई है। होली सिर्फ हुल्लड़ और मौज मस्ती का त्यौहार नहीं है, यह हमें संदेश देती है कि मन की हर बुराई को मिटाकर आत्मीयता का भाव हर मनुष्य से रखना चाहिए। जीवन क्षण भंगुर है, इसके हर पल को उत्सव बनाने के लिए मिलनसार रहें…और नफरत की एक बूंद भी इंसान को अंदर से खोखला कर देती है। दुनिया में जहां भी लड़ाई अथवा संघर्ष हो रहा है, उसके अच्छे परिणाम की कामना करनी चाहिए और विश्व में,शांति और प्रेम स्थापित करने की कोशिश करनी चाहिए।
———————————-






