सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
नवरात्र विशेष/आलेख:
“भक्ति की शक्ति का पर्व नवरात्र: आत्म-शुद्धि,शक्ति का संगम”
-सुश्री सरोज कंसारी
______________________________
“नवरात्र का पर्व हमें शक्ति, भक्ति और आत्म-शुद्धि की ओर ले जाता है। यह पर्व हमें अपने अंतस (अंतर्मन) की शक्ति को पहचानने तथा उसे विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।”
भक्ति की शक्ति का पर्व नवरात्र। हिंदू धर्म में आध्यात्म को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। जिससे मानव संयमित आचरण से सुव्यवस्थित और सभ्य समाज, राष्ट्र और संस्कृति का निर्माण कर पाता है। धर्म-कर्म, पूजन-यज्ञ अनुष्ठान के द्वारा मन एकाग्र होता है और सद विचार का संचार होता है, आत्मिक शक्ति की प्राप्ति होती है। एक अलौकिक व अदृश्य शक्ति की अनुभूति होने से सांसारिक मोह-माया व भोग-विलास से दूर मस्तिष्क ईश्वरीय ध्यान की ओर अग्रेषित होती है।
भारत की भूमि में सदियों से सत्संग, सद्ज्ञान और धर्म की गंगा बहती है। हर पग पर धार्मिक आयोजन से भटके हुए राही को एक नवीन दिशा की प्राप्ति होती है। मनोवांक्षित मनोकामना की पूर्ति, आर्थिक क्षति, शारिरिक कष्ट, रोग-शोक, दुख संताप को दूर करने के लिए व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से धार्मिक आयोजन गांव-गली, मोहल्ले, चौक-चौराहे पर होते रहते हैं। बारहों महीने पर्व, तीज-त्यौहार, जयंती के रूप में सावन में शिव आराधना, गणेश उत्सव, दशहरा, रथ यात्रा, कृष्ण जन्माष्टमी, हनुमान जयंती, राम नवमी आदि को भव्य और उत्साह पूर्वक मनाते हैं जिससे जीवन में एक नई ऊर्जा प्रस्फुटित होती है। सक्रीयता, आपसी प्रेम, सहयोग, भाईचारे के भाव का विकास होता है।
जन कल्याण हेतु समय-समय पर भागवत कथा, हनुमान चालीसा, मानस प्रसंग, सुंदरकांड व भजन कीर्तन के द्वारा जीवन को धन्य करने व मनुष्य जन्म को सार्थक करने का प्रयास किया जाता है। वैसे तो भारतीय संस्कृति की एक विशेषता है। यहां हर पल एक उत्सव होता है जिससे जीवन में उत्साह, जिज्ञासा व जीने की चाह बनी रहती है। विभिन्नता में एकता को संजोते हुए सर्वधर्म सद्भाव को विकसित करने का प्रयास किया जाता है, जहां सभी धर्म का आदर सत्कार किया जाता है। विभिन्न देवी और देवताओं की आराधना करते हुए सहिष्णुता, समन्वय और सौहाद्र का संगम होता है।
सभी पर्व और त्यौहार की अपनी परंपरा और पौराणिक ऐतिहासिक महत्त्व होता है, जिसका निर्वहन पूर्ण आस्था के साथ किया जाता है। भक्ती की असीम शक्ति का एक पर्व है नवरात्र। जिसे पूरे भारत वर्ष में बहुत ही श्रध्दा पूर्वक मनाया जाता है। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की विशेष आराधना की जाती है। दिन और रात जागरण कर विशेष सेवा, भक्ति व देखभाल की जाती है। मनोवांक्षित मनोकामना ज्योत प्रज्जवलित की जाती है, जिसके साथ ही जवारा बोने की परंपरा सदियों से चली आ रही है, जिसके बिना मां जगदंबे की पूजा अधूरा ही माना जाता है।
ऐसी मान्यता है कि जवारें में नौ दुर्गा का आशीर्वाद फसल के रूप में लहलहाती है। हरा रंग देश की खुशहाली व उमंग का प्रतीक है। जिस घर में मंदिर या स्थान पर जवारा नवरात्र में बोया जाता है, वह स्थल पवित्र तीर्थ बन जाता है। वहां के लोगों के जीवन पर सुख, समृद्धि, धन-धान्य की वृद्धि होती है और बड़ी से बड़ी मुसीबत का सामना करने व सहने की क्षमता मिलती है।
मिट्टी के किसी पात्र या बांस टोकरी में नवरात्र के पहले प्रथम दिवस ही जौ या गेहूं के दाने को शुद्ध काली मिट्टी के साथ उपजाऊ खाद सामग्री डालकर बोया जाता है, जो अक्सर माता दुर्गा की कृपा से लगभग तीन दिन के भीतर ही फसल के रूप में उग आती है। कहते हैं जितनी तेज़ी से यह बढ़ती है, माता उतनी जल्दी ही भक्तों की मनोकामना पूर्ण करती है।
जवारे में शुद्ध स्थान, सात्विक आचरण और भाव का विशेष महत्त्व होता है। ब्रम्हा जी ने जब सृष्टि की रचना की तब सबसे पहली फसल जौ थी जो ब्रम्ह का प्रतीक है, इसलिए पूजन कार्य में जौ का उपयोग शुभ माना गया है। गेहूं और जौ अन्नपूर्णा है जिसका सम्मान हम सभी को करना चाहिए। जवारे में मां दुर्गा की असीम शक्ती स्थापित होती है, जो भक्त पूर्ण मनोयोग से भक्ति रख नवरात्र में व्रत, आस्था, श्रद्धा और विश्वास, समर्पण भाव से शुद्ध हृदय से पूजन और सेवा करते हैं उनकी हर मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
निराशाओं के घोर अंधकार में डूबी जीवन नैया को शुद्ध हृदय से किया गया, धार्मिक कार्य भव सागर से पार लगाती है। विश्वास में अदम्य साहस होती है, जो पत्थर की मूरत में भी जान डाल देती है, अडिग चट्टान को हिला सकती है। कहने का तात्पर्य है, धोखे और स्वार्थ से पूर्ण जीवन में ईश्वर से नाता ही सच्चा है। किसी भी चीज में आपकी पूर्ण आस्था है और आप उसे हृदय की गहराइयों से पुकारते हैं तो आपकी आत्मा की आवाज़ वहां तक अवश्य जाती है, बशर्ते जिस पर आप भक्ती करते हैं उसके प्रति किसी भी परिस्थिति में संदेह न कीजिये।
धैर्य की अंतिम अवस्था की परीक्षा के उपरांत, आपकी प्रत्येक वो मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं जिसका उद्देश्य कल्याणकारी और स्वार्थ से परे होता है। भौतिक सुख के मोह छोड़कर भक्ती में ध्यान लगाकर एक अद्भुत शांति की प्राप्ति की चाह करें। उसके लिए दृढ़ संकल्पित हो जाइए। आपका यह जीवन अवश्य पल्लवित पुष्पित होगा तथा यह संसार की सबसे अमूल्य संपत्ति आपके पास होगी। आत्मा को केवल और केवल परमात्मा से जोड़कर रखें। दुख का तिनका भी आपको स्पर्श नहीं कर पाएगा।
मानव जीवन नश्वर है, इसे मानवीय गुणों से सुसज्जित कर आध्यात्म का अनुसरण कर सार्थक बनाया जा सकता है। श्रध्दा ही जीवन का सार है, भक्ती ही मोक्ष का द्वार। अपने मन, वचन, कर्म से समर्पित होकर देव अराधना से आत्मिक सुख की प्राप्ति होती है। अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने का एक ही मार्ग है, सेवा, समर्पण तथा अपना सब कुछ ईश्वर को समर्पित कर चिंता मुक्त होकर कार्य में लीन रहना।
“नवरात्र की भक्ति और शक्ति हमें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता और सुख-शांति प्रदान करे। आइए, हम नवरात्र के इस पावन अवसर पर अपने जीवन को भक्ति और शक्ति से भर लें! तथा एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ें।”
______________________________






