सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
“धर्म ध्वजा फहराएं, हिन्दू नववर्ष मनाएं, जन-जन में सद्भाव की ज्योति जगाएं!”
— सुश्री सरोज कंसारी
______________________________
फहराएं धर्म ध्वजा, आगमन नए वर्ष का। हम सब भारतीय अपनी संस्कृति का मान बढ़ाएं। अतीत की यादें एक पुस्तक की तरह हैं, जिसे पढ़कर हमें ज्ञान मिलता है, पर उसे अपने साथ लेकर चलने की आवश्यकता नहीं है। वह पुस्तक हमारे साथ रहती है, पर हम उसके पन्नों में नहीं रहते। सीखना है, चिपकना नहीं, यही जीवन का सार है, जो हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जो बीत गया..उसे भूलकर नया करना चाहिए, ये एक सोच है। परन्तु, गहराई से विचार करें तो पता चलेगा, जन्म से लेकर मृत्यु तक जो यादें, बातें और होनी-अनहोनी, रिश्ते-नाते, मित्र आदि जुड़े हैं, उन्हें भूलकर आगे बढ़ना क्या आसान है? शायद नहीं। अतीत ही तो एक मजबूत कड़ी है भविष्य के सपनों को साकार करने की और सीख लेकर वर्तमान के हर क्षण को आनंदित होकर जीने की।
जिस मिट्टी में जन्म लिया, खेले-कूदे, उसके गोद में पल्लवित-पुष्पित हुए, इसके हर एक कण से लगाव होता है, जो कभी भी पुराना नहीं होता। इनके सानिध्य में हमेशा नवीनता के एहसास होते हैं। जैसे नदी-पहाड़, चांद और तारे अपनी जगह हैं, जो छूटते नहीं, अटल हैं अपनी जगह, वहीं स्थिति हमारी है। सब कुछ मन-मस्तिष्क में कैद होता है, बस, ज़िन्दगी की व्यस्तता में हम उसे कभी व्यक्त नहीं कर पाते।
बस साथ रखते हैं अपने साथ बीते हर लम्हों को इस तन में प्राण बनाकर, जिनसे दिल के रिश्ते होते हैं, सदा रहते हैं धड़कन बनकर। कहते हैं नया साल आ गया, लेकिन पुराना क्या होता है? वही दिन-रात, सुबह और शाम होती हैं और बीती बातें यादें, गुजरे पल आंखों में पानी बनकर, दर्द की निशानी, कुछ अधूरी कहानी बन एक सबक और कसक बन रहते हैं। अंतस की गहराई में थम जाते हैं, वक्त के हाथों से फिसल कर कहां से कहां सफ़र करती है जिन्दगी? इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।
सिर्फ हमारी सोच है, एक जरिया है, थकान भरे जीवन में एक नव उमंग भरने का। बोझिल मानसिकता को आनंद के पल में बिताकर हल्का करने का। इसलिए नववर्ष सिर्फ माध्यम है, असल में कोई दिन नया या पुराना नहीं होता। जिस दिन आप अपने सपनों को पूर्ण करते हैं, ईमानदारी से अपने हर कर्तव्य को निभाते हैं, आपमें परिवारिक ज़िम्मेदारी निर्वहन की क्षमता है, किसी को धोखा नहीं देते, मित्रता दिल से निभाते हैं, पड़ोसी से मधुर संबंध हैं, किसी की मुसीबत में सहायता करते हैं, मजबूर-असहाय, लाचार व्यक्ति के सहारा बनते हैं, झूठ-छल कपट नहीं करते, रिश्वतखोरी, काला बाजारी, आतंकवाद, अत्याचार, शोषण के विरुद्ध आवाज उठाते हैं, किसी उदास चेहरे में मुस्कान ला सकते हैं, आप में हिम्मत, साहस व धैर्य है, संतुष्ट हैं, किसी से जलन नहीं, बैर नहीं, दया-करुणा धर्म है आपमें, तो निश्चित रूप से आपका हर पल एक नया दिन है।
इसके लिए आपको वर्ष-भर इंतजार करने की जरूरत नहीं, हर दिन नया साल है। आज आधुनिक पीढ़ी नववर्ष का क्या अर्थ समझती है, किस दिशा में जा रही है? आज के युवावर्ग अपनी सभ्यता-संस्कृति की धज्जियां उड़ाकर नियम-परंपरा, मर्यादा से दूर युवक-युवती के झुंड देर रात होटल, क्लबों में अश्लील हरकत करना, खुली सड़क पर नशा कर तेज वाहन चलाना, कहीं भी घर में झूठ बोलकर कहीं सुनसान जगह पर जाना। शायद नववर्ष का यहीं दृश्य देखने को मिलता है।
पाश्चात्य सभ्यता का भूत सवार है लोगों पर, धूमिल होती जा रही हैं संस्कार की सारी कड़ी, कमजोर होती रिश्तों की डोर, बड़ों का सम्मान, न हकीकत की जमीन है, सिर्फ़ कल्पना और दिखावे की एक होड़ है। लेकिन गौर किया जाए तो आज हम विदेशी रंग में रंग गए हैं और भारतीय सभ्यता को विदेशी लोग अनुकरण कर सभ्यता का गुणगान करते नहीं थक रहे। हर वर्ष विदेशी सैलानी यहां आते हैं और बहुत कुछ सीखकर जाते हैं।
आज विदेशी महिलाएं साड़ी पहन रही हैं, वहां युवा हरे रामा, हरे कृष्णा… हनुमान चालीसा, महामृत्युंजय जाप… कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में कोरोना की वैश्विक बीमारी के चलते सभी लोग आध्यात्म की ओर अग्रसर हुए, ईश्वर पर आस्था बढ़ी और उसी का परिणाम है, आज हम और आप सुरक्षित हैं। शुद्ध-सात्विक जीवन और सहयोगी प्रवृत्ति की वजह से मनोबल बढ़ा, जिसे विदेशी तक मानने और अपनाने को तैयार हैं।
लेकिन हम क्यों भटक रहे हैं? उस भयंकर महामारी की पीड़ा आज भी लोगों के जेहन में है, उसे याद करते हैं एक दहशत-भय का माहौल निर्मित होता है। तो क्यों हम नववर्ष के नाम पर फूहड़ता कर रहे हैं?
हिंदू धर्म का नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा है। उस दिन घर के आंगन में दीप जलाए जाते हैं, मंदिर जाकर पूजा करना, बड़ों का आशीर्वाद लेना, भगवा ध्वज फहराना, घर के आंगन में रंगोली-तोरण सजाना शामिल है। अपनी हिंदू संस्कृति व सभ्यता के सम्मान का संकल्प लें। इस दिन प्रातः काल हनुमान चालीसा, दुर्गा पूजा और सूर्य देव की आराधना की जाती है।
नए भगवा वस्त्र धारण कर जुलूस का आयोजन कर, जय-जय श्रीराम, वन्देमातरम्, भारतमाता की जयकारे किए जाते हैं। एक दूसरे को नववर्ष की बधाई व शुभकामनाएं देते हैं। हम सभी हिंदू नववर्ष को जाने-माने अनुकरण करें।
पौराणिक कथा के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन अयोध्यावासियों ने श्रीराम जी का विजयोत्सव मनाने के लिए घर-घर धर्म ध्वजा फहराए थे। ब्रह्मदेव ने इसी दिन सृष्टि की रचना की। महराज विक्रमादित्य द्वारा विक्रमी संवत की इस दिन शुरुआत की। शक्ति की आराधना चैत्र नवरात्र के रूप में की जाती है। शास्त्रों के अनुसार चारों युगों में सबसे पहले सतयुग का प्रारंभ इसी तिथि से हुआ। महर्षि दयानंद द्वारा आर्य समाज की स्थापना चैत्र माह की प्रतिपदा तिथि पर किया गया।
मन में हर पल एक नई उमंग भरे, जीने की चाहत कभी कम न हो। व्यस्त दिनचर्या से कुछ लम्हे अपने लिए अवश्य निकालें, अपनों के साथ समय बिताएं, कुछ अपनी कहें, कुछ सुनाएं। दफन न करें हर ख्वाहिश, परेशानियों का कोई अंत नहीं, इसी के साथ आगे बढ़ना और हंसकर हर बात को टालना सीख लीजिए। परिवर्तन से डरे नहीं, जो मिला उसे अपना बना लीजिए। जो खोया उसका अफसोस न करें, संयम से रहे नवगीत गाते रहे। सुंदर सृजन से दुनिया को प्रभावशाली बनाने में अपना योगदान देते रहे।
गंभीर न हो, मुसीबत का समय आता है तो जाता भी है। अफसोस न करें, हर क्षण में नया रंग भरे, यहीं तो है नई खुशियों की सौगात। बीते हुए कल में जो ग़लती हुईं उसे सुधार कर लें। एक अवसर है जो कल नहीं कर पाए, आज कर लें। कल क्या होगा ये न सोचें, आज को जी लें। हर अंत एक नई शुरुआत है, पूर्ण रूप से बिखरने के बाद भी, आप अपने मनोबल से पूर्ण रूप से नवसृजन कर सकते हैं। बस हिम्मत कभी न खोना, भले टूटना, पर, ख़ुद से कभी न रूठना। अपने आपको हमेशा खुश रखें, डर-दहशत, शोक-संताप के लिए कोई जगह न हो, अपने आप को इतना मजबूत बना लें। खोने और पाने का क्रम ही जीवन है, इसलिए हर पल को अंतिम अवसर समझकर जी लीजिए। ”अतीत के पन्ने पढ़ने हैं, उसे जीना नहीं। सीखना है, चिपकना नहीं।” वन्दे मातरम्।
कविता:
भेदभाव दूर भगाएं हम,
सद्भाव जगाएं हर कदम।
देश को संवेदनशील बनाएं,
देश हित में आगे बढ़ाएं, नव भारत बनाएं।
______________________________







