मंजू अशोक राजाभोज
भंडारा (महाराष्ट्र)
(नया अध्याय, देहरादून)
पन्नें यादों के
आज जिंदगी की किताब के पन्नों को,
जब दिल ने पलटाया।
बहुत कुछ भुला बिसरा याद आया।
कुछ यादों के पन्नों ने मुझे गुदगुदाया।
किसी ने मुझे रुलाया,
किसी ने मुझे खूब हँसाया।
जिंदगी कहाँ से कहाँ पहुँच गई,
यह भी समझ आया।
यादों ने आज अपने बचपन से दुबारा मिलवाया।
कितना प्यारा था वह बचपन,
सोच के मन मुस्काया।
तभी दिल ने कहा।
अपने बच्चों के बचपन में भी झांक ले जरा।
उनके उन पलों को भी,
फिर से कल्पना में ही सही देख ले।
जब उन्हें बार-बार गिरकर संभलते कल्पना में पाया।
तब मन खुशी से मेरा भर आया।
आज जिंदगी की किताब के पन्नों को,
जब दिल ने पलटाया।
पहले खुद का बाबूल के गले लगकर बिछड़ना।
फिर अपना बेटी से बहू बनने तक का,
सफर बहुत याद आया।
मन को बहुत समझाने पर भी,
बेटियों की बिदाई के दृश्य ने मुझे बहुत रुलाया।
जब अपनी बेटियों को,
अपना जीवन दोहराते पाया।
तब मेरा मन खुशी से फुला न समाया।
माँ से लेकर नानी माँ बनने तक के,
पल को सोचकर मन हर्षाया।
आज जिंदगी की किताब के पन्नों को,
जब दिल ने पलटाया।
यादों के पन्नों ने,
गुजरी हुई जिंदगी से कई बार है मिलवाया।।






