संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
कन्नौज के 6 युवा ‘बजट क्वेस्ट’ में चमके, पीएम मोदी से करेंगे संवाद।
लखनऊ में 12-13 अप्रैल को कार्यक्रम, यूथ पार्लियामेंट में भी लेंगे हिस्सा।
कन्नौजः जनपद के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ पोर्टल द्वारा आयोजित ‘बजट क्वेस्ट’ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में कन्नौज के 6 युवाओं का चयन हुआ है। चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
फरवरी माह में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के हजारों युवाओं ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट, सरकारी योजनाओं और आर्थिक नीतियों के प्रति जागरूक करना था। कन्नौज के सूरज सिंह, आरोही चतुर्वेदी, शालू गुप्ता, अभय कुमार, अंबुजा गुप्ता एवं युगी कटियार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है।
सभी चयनित प्रतिभागी 12 व 13 अप्रैल को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 12 अप्रैल को यूथ पार्लियामेंट का आयोजन होगा, जबकि 13 अप्रैल को प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद का विशेष अवसर प्राप्त होगा।
जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने इसे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि से जनपद में खुशी का माहौल है और अन्य युवाओं को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रेरणा मिल रही है।






