सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री-लेखिका-शिक्षिका
अध्यक्ष – दुर्गा शक्ति समिति
गोबरा नवापारा-राजिम [रायपुर, छ.ग.]
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख –
“मन का मंदिर साफ रखो, जीवन स्वयं प्रार्थना बन जाएगा!” -सुश्री सरोज कंसारी
===================================
मन के मंदिर को स्वच्छ बनाओ,
हर कर्म में नेकी का रंग चढ़ाओ।
फिर देखो, जीवन की हर साँस खुद
एक सच्ची प्रार्थना बन जाएगी।
सद्भाव, सत्कर्म और सद्व्यवहार की ज्योति कभी बुझने न पाए। आत्मा को पवित्र रखते हुए सभी के शांत और सुखी जीवन की कामना करते रहें। जब तक तन में प्राण हैं, तभी तक जीवन का अस्तित्व है। जिस दिन साँसें थम गईं, उस दिन शरीर का कोई मोल नहीं रह जाता। मरने के बाद इस देह की क्या दशा होती है, यह हम सब जानते हैं। आप चाहे कितने भी शक्तिशाली, धनवान और लोकप्रिय क्यों न हों, जब प्राण तन से निकलेंगे तो अंततः मिट्टी में ही मिल जाना है।
इसलिए अंतर्मन की उलझनों से निकलकर हर पल करुणा, स्नेह, दया, क्षमा और सहयोग का भाव रखिए। अहंकार को मन में स्थान मत दीजिए। अहंकार की आग में रूप-रंग, यौवन, शक्ति-सामर्थ्य, जोश और जवानी—सब कुछ जलकर नष्ट हो जाता है। शेष रह जाती है केवल अफ़सोस की राख।
जीवन के अनेक क्षेत्रों में हम अपनी सहभागिता देते हैं। शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, धार्मिक और आत्मिक उत्थान के लिए कार्य करते हैं। यदि आज हम अपनी मेहनत से पद-प्रतिष्ठा, धन-दौलत, सुख-सुविधा अर्जित कर भी लें, तो उन्हें बनाए रखने के लिए मानवीय संवेदनाएँ आवश्यक हैं। लोभ, मद और माया में चूर होकर तो बड़े-बड़े दिग्गज भी मिट गए।
मृत्यु से कोई जीत नहीं सकता और घमंड से कोई शक्तिशाली नहीं बन सकता। इंसान की पहचान केवल इंसानियत से होती है। कोई भी चीज़ सदा नहीं रहती; एक दिन सब नष्ट हो जाता है। भौतिक सुख, दिखावे और स्वार्थ के वश में आकर हम जो खो देते हैं, उसकी पुनः प्राप्ति संभव नहीं।
अपनो का प्रेम, विश्वास, सच्चा एहसास, अपनापन और परवाह—यही हमारे जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है। किसी से मिले निश्छल प्रेम को खो देना जीवन की सबसे बड़ी हानि है। आत्मीय रिश्ते दिल से बंधे होते हैं और आपके सद्व्यवहार से ही जुड़े रहते हैं।
जिस दिन नाज़ुक भावनाओं पर स्वार्थ, झूठ और छल-कपट की खरोंच लगती है, उस दिन रिश्ते ज़ख्मी हो जाते हैं। इसलिए रिश्तों में झूठ का समावेश कभी मत कीजिए। जीवन की मिठास किसी को रुलाकर आगे बढ़ने में नहीं, बल्कि अपनों के प्रेम, खुशी और विश्वास के लिए सब कुछ समर्पित कर देने में है।
जो घमंड से भरे हैं, वे भीतर से खाली होते हैं। उनके पास आत्म-संतुष्टि नहीं, बल्कि आत्म-ग्लानि होती है। जिनमें ‘मैं ही सब कुछ हूँ’ का भाव होता है, वे विचलित रहते हैं और सच्चाई से कोसों दूर हो जाते हैं। धीरे-धीरे उनकी शक्ति क्षीण होने लगती है।
अहंकार से युक्त व्यक्ति रिश्ते-नातों की अहमियत नहीं समझ पाते। एक समय के बाद वे अपना सम्मान, चरित्र और आत्मीय जनों को खो देते हैं, और लोगों के दिल से उतर जाते हैं। अहंकार में लिप्त होने से वे किसी के दिल में ठहर नहीं पाते, बल्कि दिमाग पर बोझ बनकर रह जाते हैं। उन्हें खुद को सही और दूसरों को गलत ठहराने की आदत पड़ जाती है। भौतिक समृद्धि को ही सब कुछ मान लेने से उनमें आत्म-सुधार नहीं हो पाता और वे अशांत रहते हैं।
अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। इसी से अनेक बुराइयाँ जन्म लेती हैं। चाहे जीवन आपको किसी भी मोड़ पर ले जाए, भीतर साहस, शक्ति और धैर्य बनाए रखिए। जब तक जीवित हैं, अपना श्रेष्ठ देते रहिए। सुख-दुख के बीच संतुलन बनाए रखिए।
कृतज्ञता का भाव मनुष्य को विनम्र बनाता है। जो मिला है उसके लिए ईश्वर और अपनों के प्रति आभारी रहिए। जिस दिन हम ‘मेरा’ और ‘तेरा’ से ऊपर उठकर ‘हमारा’ सोचना शुरू कर देते हैं, उसी दिन जीवन में संतोष उतर आता है। छोटी-छोटी खुशियों को समेटना सीखिए, क्योंकि इन्हीं से जीवन का महल बनता है। बड़ी उपलब्धियों की दौड़ में अक्सर हम आज की मुस्कान खो देते हैं।
सेवा का कोई मोल नहीं होता। निःस्वार्थ भाव से किया गया एक छोटा कार्य भी किसी के जीवन का अंधेरा दूर कर सकता है। भूखे को भोजन, दुखी को सांत्वना, भटके को राह—यही सच्चा धर्म है। मंदिर-मस्जिद जाने से पहले मन के मंदिर को साफ रखना आवश्यक है। जब हमारे कर्म पवित्र होंगे, तो प्रार्थना अपने आप स्वीकार हो जाएगी।
अंत में, स्वयं से प्रेम करना सीखिए। जब तक आप स्वयं का सम्मान नहीं करेंगे, संसार भी आपका सम्मान नहीं करेगा। अपनी कमियों को स्वीकार कर उन पर काम कीजिए, पर अपनी खूबियों को नकारिए मत। भीतर का दीपक जलाए रखें, क्योंकि यही प्रकाश आपको जीवन के हर तूफान से पार ले जाएगा। याद रखिए, जीवन एक यात्रा है, मंजिल नहीं। इसलिए हर पड़ाव का आनंद लीजिए।
जीवन के आरंभ से अंत तक संघर्ष चलता रहता है। बस मन को मजबूत करके आगे बढ़ते रहिए, कोशिश कभी मत छोड़िए। जीवन के अनंत कष्टों के बीच एक सुकून भरी छाँव आवश्यक है। इसलिए अपने भीतर के बुराई रूपी अंधकार को मिटाते रहें।
————————————————–






