संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
देवर्षि नारद जी के आदर्शों से ही संभव है जन-कल्याणकारी पत्रकारिता
विश्व संवाद केंद्र आगर मालवा ने किया देवर्षि जयंती समारोह का आयोजन
आगर मालवा :विश्व संवाद केंद्र, जिला आगर मालवा के तत्वावधान में रविवार को उज्जैन रोड स्थित होटल यशोदा में ‘देवर्षि नारद जयंती’ समारोह का गरिमामय आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उज्जैन संभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री अरुण कुमार राठौर उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार श्री बसन्त गुप्ता ने की।
लोकहित और राष्ट्रवाद पर केंद्रित रहा संबोधन
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा देवर्षि नारद एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता श्री अरुण राठौर ने अपने संबोधन में लोकतंत्र में मीडिया की अपरिहार्य भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा जनता की समस्याओं के समाधान में मीडिया और शासन, दोनों की महत्वपूर्ण सहभागिता है। वर्तमान दौर में हमें अपनी पत्रकारिता में राष्ट्रीय की अवधारणा को और अधिक स्पष्ट और प्रखर करने की आवश्यकता है। संकीर्ण सोच के कारण अतीत में राष्ट्र का काफी नुकसान हुआ है, जिसे अब सकारात्मक और राष्ट्र-निष्ठ सोच से ही बदला जा सकता है। उन्होंने जापान जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए हमें अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता के नजरिए को भी समझना होगा। उन्होंने पत्रकारों का आह्वान किया कि वे केवल समस्याओं को न दिखाएं, बल्कि स्थानीय विकास और भविष्य की संभावनाओं पर भी बौद्धिक विमर्श करें।
नारद जी: संवाद के शाश्वत प्रतीक
अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार श्री बसन्त गुप्ता ने महर्षि नारद को ब्रह्मांड का प्रथम ‘संवाद वाहक’ बताते हुए कहा कि उनके जीवन से हमें समाज कल्याण हेतु सूचनाओं के सही संप्रेषण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मीडिया के भीतर का ‘स्व’ हमेशा जागृत रहना चाहिए।
पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन पत्रकार श्री राजेश अजनबी ने किया। कार्यक्रम के अंत में जिला मीडिया संवाद प्रमुख श्री राकेश बिकुन्दीया ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं जिलेभर से आए पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






