सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
अध्यक्ष : दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख –
“हमें प्रकृति की भांति बिना किसी दिखावे के केवल अपना कर्तव्य करते रहना चाहिए”।
— सुश्री सरोज कंसारी
===================================
गए कर्म हैं शोर,
मिटाते जो संकल्पों की धार,
अटल इरादे भी झुक जाते,
सुन इसकी हुंकार।
हम इस भारत भूमि पर केवल साँस लेने नहीं आए। देह को अन्न चाहिए, पर आत्मा को अर्थ चाहिए। हमारा होना तभी सार्थक है जब हमारे स्पर्श से किसी की सिसकी मुस्कान बन जाए। जब हमारे होने से जग में घृणा का एक कण भी घटे और प्रेम का एक दीप अधिक जल उठे।
इस धरा पर प्राणी कर्म तो बहुत करता है, किन्तु सीखता कम है। वह फल के पीछे भागता है, पर कर्म के अर्थ को भूल जाता है। उसे सबसे पहले विश्वबंधुत्व का पाठ पढ़ाना होगा — श्यामपट्ट पर नहीं, अपने जीवन के आचरण से। जब हम स्वयं ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ को जीने लगेंगे, तभी सभी मनुष्यों में सद्भावना जगा पाएँगे। तभी स्वार्थ की इस तपती धरती पर करुणा की शीतल छाया फैला सकेंगे। तभी यह दुनिया प्रतिस्पर्धा का अखाड़ा नहीं, सह-अस्तित्व का उपवन बन सकेगी।
अच्छाई हिमालय लाँघने का अभियान नहीं माँगती। वह रोज़ के छोटे-छोटे कर्मों में साँस लेती है। किसी थकी आँख को उम्मीद दे देना, गिरते हुए हाथ को थाम लेना, भीड़ में अकेले पड़े सत्य के साथ चुपचाप खड़े हो जाना — यही धर्म है। गंभीरता शांति में बसती है।
शोर तो दृढ़ संकल्पों को भी धीरे-धीरे मिटा देता है।
सच्ची अच्छाई उद्घोष नहीं करती।
वह शांत, गहरी और ठहरी हुई होती है। ढोल पीटकर किए गए कर्म शोर हैं, और शोर की नियति यही है कि वह अटल इरादों को भी समय के साथ क्षीण कर दे। इसलिए धर्म यही सिखाता है: फल की चाह छोड़कर, खामोशी से अच्छाई का दीप जलाते चलो। दीपक अपना प्रचार नहीं करता, वह बस अँधेरा हर लेता है।
दया दुर्बलता नहीं, मनुष्य का सबसे प्रौढ़ गुण है। यही सच्चे धर्म की कसौटी है। जब पराया दुःख अपनी पसलियों में चुभने लगे, तभी जानो कि मनुष्यता ने जन्म लिया। जो धर्म के नाम पर घृणा का विष घोलते हैं, वे धर्म को जानते ही नहीं। धर्म दंगा नहीं, धैर्य सिखाता है। जो शांत है, जो मौन में भी करुणा पालता है, वही धार्मिक है। दया जोड़ती है, तोड़ती नहीं। एक दयावान की चुप्पी हजार तलवारों से भारी है। तलवारें देह काटती हैं, दया हृदय जीतती है। जाति की दीवारें, भाषा की सीमाएँ, देश की सरहदें — ये सब मन के बंधन हैं।
जब हम इनसे ऊपर उठकर दूसरे में अपना ही प्रतिबिंब देख लेते हैं, तभी भाईचारा जन्म लेता है। भाईचारा वह अदृश्य सूत्र है जो बिखरे हुए मनुष्यों को एक माला में पिरोकर ‘समाज’ का नाम देता है। पर यह पथ काँटों से खाली नहीं। इस पर चलोगे तो गिराने वाले मिलेंगे, हँसने वाले मिलेंगे। बस चलते जाना — मानवीय संवेदना के साथ। तुम्हारे कदमों के निशान ही पद-चिह्न बनेंगे। आज जो विरोध में खड़े हैं, कल वे ही तुम्हारी छाया खोजेंगे। इसलिए न रुकना है, न झुकना है। समय बैंक बैलेंस नहीं गिनता। समय गिनता है कि तुम्हारे कारण कितनी पलकें सूखीं, कितने होठों पर जीवन लौटा।
अतः जीवन ऐसा जियो कि देह के जाने के बाद भी अच्छाई, दया और भाईचारे की मशाल तुम्हारे नाम से जलती रहे। जग शांति के संकल्प और कर्म की निरंतरता से बदलता है। इतिहास उनको याद नहीं रखता जो चिल्लाए। इतिहास उनको पूजता है जो बिना नाम के, बिना दाम के, बस जलते रहे। तुम भी जलो — पर रौशनी के लिए, राख के लिए नहीं! बिना दिखावे के अपना कर्तव्य निभाना ही जीवन का सर्वोच्च स्वभाव होना चाहिए।
———————————————————-
।। जय जय भारत ।।






