सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
अध्यक्ष : दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, छत्तीसगढ़।
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख –
“मानव मन की प्रफुल्लता और स्वास्थ्य—करुणा, सेवा तथा सद्भाव में ही निहित है”।
— सुश्री सरोज कंसारी
===========================
करुणा-सेवा-सद्भावना, मन को रखती स्वस्थ।
भला जग का जो करे, वह न कभी हो त्रस्त।।
करते जाना सब भलाई, सेवा भाव महान्।
सदा चाहना सब भला, यही मनुज की शान।।
जब मनुज के हृदय में दूसरों के प्रति दया और नि:स्वार्थ सेवा की भावना जागृत होती है, तो उसके मन से क्रोध, ईर्ष्या और द्वेष जैसे समस्त मानसिक विकार और नकारात्मकता स्वतः ही नष्ट हो जाते हैं। विकारों से मुक्त इस शांत मन में जब सकारात्मक और कल्याणकारी विचार निरंतर प्रवाहित होते हैं, तो मानसिक स्वास्थ्य स्वाभाविक रूप से सुदृढ़ और आनंदमय हो जाता है। सेवा की यह भावना जब बिना रुके, निरंतर और निस्वार्थ भाव से की जाती है, तो वह एक पवित्र नदी का रूप ले लेती है। यह पावन धारा न केवल समाज का कल्याण करती है, बल्कि मनुज के अंतःकरण और आत्मा को पूरी तरह विशुद्ध, पवित्र बना देती है।
जिंदगी है तो मौत एक दिन दस्तक देगी ही। इसलिए अपने मस्त स्वभाव में, रहिए। जीवन बड़ा अनमोल मिला है, तो इसे अपनी मौज में, गुज़ारिए। यह दुनिया बहुत बड़ी है और अपनी विशाल बाँहें फैलाए आपका इंतज़ार कर रही है। आसपास स्नेह, करुणा, दया, ममता और वात्सल्य के जो मोती बिखरे हैं, उन्हें बटोर लीजिए।…कटुता किसके लिए और क्यों? आपस में झगड़ने, विवाद करने और मनमुटाव रखने से क्या मिलता है? बस अपनों से और गैरों से दूरी बढ़ती है, और मन बेवजह अशांत होता है। तन की दुर्बलता ठीक हो सकती है, लेकिन मन में, कुविचार भर लेने से हर लम्हा जहरीला हो जाता है। जब तक ज़िंदगी है, तब तक इस पल में, क्यों न सिर्फ़ प्यार रखें? वही प्यार हमारे मस्तिष्क में, स्वस्थ ऊर्जा का संचार करता है और हमें इस खूबसूरत दुनिया से फिर से जोड़ता है।
जीना है तो जिंदा रहिए, अपनी धुन में। मार-काट, चोरी-डकैती, लूट, बलात्कार, जुआ, सट्टा और अत्याचार-शोषण का घिनौना माहौल बनाकर किसे लाभ है? शायद किसी को नहीं। फिर इसे जड़ से मिटा क्यों नहीं देते? अक्सर जब तक ज़िंदगी की समझ आती है, अपराध से मन भर जाता है और पाप से दूर रहने की सोचते हैं—तब तक ज़िंदगी के बहुत कीमती पल गुज़र चुके होते हैं। सही और गलत क्या होता है, यह जानने के लिए किसी बड़ी डिग्री की ज़रूरत नहीं। बस इतना ध्यान रखिए कि आपके कर्म से किसी को नुकसान न पहुँचे। सभी धर्मों का एक ही सार है—दूसरे की वेदना को पढ़ लेना और मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखना।
अपने लाभ के लिए स्वार्थपूर्ण कार्य करना, षड्यंत्र से धन कमाना—यह पाप है। और जहाँ अन्याय हो, निर्दोष पर ज़ुल्म हो, कोई सहयोग के लिए पुकारे—उनकी सहायता के लिए आगे आना ही सबसे बड़ा धर्म है। हमें यहीं रहना है, अपने लोगों के साथ। दूषित माहौल का असर उन पर भी पड़ेगा। इसलिए जहाँ हम रहते हैं—उस परिवार, पड़ोस, समाज और शहर को सुंदर, सुरक्षित, संस्कारित, मर्यादित, सभ्य और संस्कृति के अनुकूल बनाने में योगदान दीजिए। किसी को समझाने की ज़रूरत नहीं—अपने स्तर पर प्रयास तो कीजिए। जहाँ गलत दिखे और आप कुछ न कर सकें, तो कम से कम उन लोगों को जानकारी दीजिए जो कर सकते हैं। एक आवाज़ से ही कई विकल्प मिलते हैं। जागरूक होकर ही शांत वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। कल के लिए आज को बर्बाद करना मूर्खता है। जब भी ग़मगीन लोग मिलें, उस समय अपनी हर समस्या, तकलीफ़ और कराह को किनारे कर दीजिए। कुछ देर के लिए सब भूलकर ताज़गी से भरपूर हो जाइए। सोचिए—मुझमें लड़ने का सामर्थ्य है, इसलिए कोई कठिनाई मुझे छू नहीं सकती। नहीं तो ये विचित्र ख़याल आपको जीने नहीं देंगे।
आकर चले भी जाते हैं वे दुख जो असहनीय लगते हैं। सबसे ज़रूरी यह जानना है कि जीने के लिए आपकी चाहत क्या है—जिससे शांति मिले, संतुष्टि मिले और हर पल हसीन लगे। खुशियाँ सस्ती होती हैं, पर हम अज्ञानवश उन्हें महँगा बना लेते हैं। कभी प्रेम में पूरी तरह निस्वार्थ डूबकर देखिए—हर नफ़रत भूल जाएँगे। क्षमा करने का गुण विकसित कीजिए—हर ग्लानि मिट जाएगी। जो दूसरों से उम्मीद करते हैं, खुद उसके लिए प्रयास कीजिए—सफलता मिलेगी। सहारा ढूँढने की बजाय किसी के काम आने की आदत डालिए। अभाव में रोने की बजाय मेहनत करके देखिए। उस इंसान की आँखों में झाँकिए जो बेहद अभाव में है। अपने प्रभाव को भूलकर उनसे कुछ मीठे बोल दीजिए, उनकी ज़िंदगी की कहानी सुनिए—कैसे रहते हैं, क्या चाहते हैं, कैसी ज़िंदगी की कल्पना करते हैं। उन्हें हौसला दीजिए। उस वक्त भूल जाइए कि आप प्रतिष्ठित हैं, आपका सम्मान है। जो ज़िंदगी के अंतिम पड़ाव में हैं, जिनके हाथ काँप रहे हैं, कमर झुकी है, जो सुन नहीं सकते, चल नहीं सकते—उन्हें गले से लगाइए और अपनापन की मिठास दीजिए। उनकी मुस्कान में आपको स्वयं भगवान दिखेंगे।
जब चारों तरफ ग़म का अंधियारा हो, असमंजस की स्थिति हो, दिमाग़ काम करना बंद कर दे, अपनी तकलीफ़ बहुत ज़्यादा लगे और जीने की चाहत न हो—तब एक बार अस्पताल जाकर एक रात रुकिए। डॉक्टर से मिलिए और उस मरीज़ के बारे में पूछिए जो कुछ दिनों का मेहमान है। उसे नहीं पता, पर उसे ठीक होने की उम्मीद है। उससे पूछिए—उसकी क्या इच्छा है, आपके हाथ में, उसके लिए क्या हो सकता है। अगर आप उसे जीवनदान नहीं दे सकते, तो कम से कम उसके सिर पर अपनापन से हाथ फेर दीजिए और कह दीजिए—“हिम्मत रखिए, सब ठीक हो जाएगा।” उन्हें एक नज़र देखिए। जब उनकी आँसू भरी आँखें आपको दुआ देंगी, तो करोड़ों की दौलत भी उसके सामने फूटी कौड़ी लगेगी।
फुटपाथ पर सोने वाले के साथ ठंड में, कुछ समय बिताइए। जैसे वे रहते हैं, वैसे ही ढलने का प्रयास कीजिए। फिर उनके दुख को महसूस कीजिए और अपनी तुलना कीजिए—क्या आप उनसे बेहतर नहीं हैं? फिर भी अगर आप न पिघलें और मन में, मार्मिक भाव न उठें, तो समझिए आप स्वार्थ के दायरे में हैं। अपने अलावा किसी का दर्द नहीं समझ सकते। संवेदनाओं से भरे इंसान को सिर्फ़ प्रेम और अपनापन की प्यास होती है। लेकिन जो षड्यंत्र, चालाकी और छल-कपट से भरे हैं, उन्हें भौतिक सुख-सुविधा और भोग-विलास से फ़ुरसत नहीं होती। ऐसे लोग किसी के आने-जाने का ग़म नहीं करते। दिल से ज़्यादा दिमाग़ लगाते हैं और किसी को निभाने का हुनर नहीं जानते—बस काम निकालते हैं।
एक बात तय है—जो जैसा करता है, उसका फल उसे अवश्य मिलता है। भले देर लगे, पर गलत सोच से आज तक किसी को सही मंजिल नहीं मिली। अमीर होना और बलशाली होकर दूसरों को हानि पहुँचाना भले ही दुर्व्यवहार करने वालों को अच्छा लगे, लेकिन वक्त की मार से कोई नहीं बच सकता। कर्म सही होने से मुसीबत से निकलने के रास्ते मिल ही जाते हैं। लेकिन जो हर वक्त दूसरों के लिए कुविचार रखते हैं, उन्हें कभी आत्म-शांति नहीं मिलती। जिंदगी ग़म का महासागर है—इसमें हर पल कोई न कोई परेशानी का तूफ़ान आता रहता है। तनाव सिर्फ आपके हिस्से में नहीं है। आपकी सोच से कहीं ज़्यादा दर्द और कठिनाई हर किसी के पास है। अपने तक सीमित रहने और दूसरों पर नज़र न दौड़ाने के कारण लगता है कि हम ही दुखी हैं…कभी-कभी अनवरत मिलने वाली कष्ट-पीड़ा से हार मानकर हम खुद से रूठ जाते हैं। खुद से नाराज़ हो जाना सबसे बड़ी दुर्बलता है। किसी से दूर रहने, उन्हें उपेक्षित करने और अपने आपको ही ज़्यादा होशियार समझने की बजाय मिलकर रहिए।
सुख-दुख बाँटते रहिए। सच में, उस समय ज़िंदगी घुटन भरी हो जाती है जब हम अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य से, आसपास के लोगों से किनारा कर लेते हैं। किसी भूखे को रोटी दीजिए, किसी अकेले बूढ़े का हालचाल पूछिए। किसी गरीब बच्चे को अक्षर ज्ञान दीजिए, किसी बेज़ुबान के लिए पानी का कटोरा रखिए। छोटे कदम से ही बड़ा बदलाव आता है। यही मानवता की सेवा है। गुमसुम मत रहना…साँसे वैसे भी उधार की हैं। एक दिन बिना बताए ही उड़ जाएँगी। इसलिए मस्त रहें —अपने स्वभाव मे।
———————————————————
।। जय जय भारत ।।






