संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
जनसुनवाई में 92 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश।
आगर-मालवा: 26 मई। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 92 आवेदकों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें से निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही समाधान कराया गया तथा शेष आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, एसडीएम आगर श्री मिलिन्द ढ़ोके, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेमनारायण यादव एवं श्री कमल मंडलोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में आऊ माता कॉलोनी, आवर के रहवासियों ने जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर नल-जल योजना से कॉलोनी को जोड़ने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में लगभग 800 से 1000 लोग निवासरत हैं तथा क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कॉलोनी को जल जीवन मिशन से जोड़कर पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को रहवासियों की समस्या निराकरण के निर्देश दिए।
अयोध्याबस्ती, आगर निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान ने घरेलू विद्युत बिल कम करवाने के लिए आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि पूर्व में 200 से 300 रुपये तक विद्युत बिल प्राप्त होता था, जबकि वर्तमान में लगभग 2000 रुपये का बिल आ रहा है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
आवेदिका ममता शर्मा ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र का जन्म वर्ष 2003 में हुआ था, लेकिन जानकारी के अभाव में उस समय जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सका। वर्तमान में प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर दस्तावेजों के अभाव में आवेदन निरस्त हो रहा है। जिला अस्पताल से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। कलेक्टर ने सीएमएचओ को प्रकरण का परीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
ग्राम दमदम निवासी सीताबाई ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने हेतु आवेदन दिया। आवेदिका ने बताया कि उनके पति दयाराम की कृषि कार्य के दौरान मधुमक्खियों के हमले से बचने के प्रयास में गिरने से गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु हो गई थी। परिवार का भरण-पोषण उनके पति द्वारा ही किया जाता था, जिसके बाद आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कलेक्टर ने एसडीएम सुसनेर को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।






