संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
ओवरलोड डंपरों पर कार्रवाई, 99 हजार से अधिक का जुर्माना
छिबरामऊ (कन्नौज): जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को सकरावा पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने सौरिख-ऊसराहार मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान दो ओवरलोड डंपरों को पकड़कर उन पर कुल 99 हजार रुपये से अधिक का ऑनलाइन जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ सुरेश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने खनन विभाग की टीम के साथ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान डंपर संख्या UP79AT0242 और UP74T8579 को रोककर जांच की गई। जांच में दोनों वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक मोरम लादकर परिवहन करते पाए गए। ओवरलोडिंग की पुष्टि होने पर खनन निरीक्षक राजीव रंजन ने दोनों वाहनों के खिलाफ ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार डंपर संख्या UP79AT0242 पर 68,320 रुपये तथा डंपर संख्या UP74T8579 पर 31,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। इससे सड़कें भी जल्दी क्षतिग्रस्त होती हैं, जिससे सरकारी धन का नुकसान होता है।
चेकिंग टीम में हे0का0 योगेश कुमार, रि0का0 प्रेम कुमार सिंह तथा कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मानकों के अनुसार ही परिवहन करने की अपील की है।






