संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
जनपद में जगह-जगह बकरीद को लेकर फ्लैग मार्च, डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था।
कन्नौज: आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस बल के साथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने मिश्रित आबादी वाले एवं संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी ड्रोन कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से भी कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
जनपद पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को देने की अपील की है।






