संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
कन्नौज में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई बकरीद की नमाज, ड्रोन से रखी गई निगरानी।
कन्नौज: जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली एवं भाईचारे की दुआ मांगी। त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस बल अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे लोगों ने सुरक्षित माहौल में नमाज अदा की।
पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद से संवेदनशील इलाकों में हवाई निगरानी की गई। ड्रोन टीम लगातार प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए रही, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा प्रमुख चौराहों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस कर्मियों की तैनाती रही।
नमाज सम्पन्न होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मुस्लिम धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और बच्चों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जनता के सहयोग की सराहना की। पूरे जनपद में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर बनी रही, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ।






