संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी।

कन्नौज: जनपद में गुरुवार को मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों ने गांवों, कस्बों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जनचौपाल लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी तथा डिजिटल सुरक्षा अपनाने की सलाह दी।
अभियान के दौरान जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं का निःसंकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग के अनुसार महिला सुरक्षा और जागरूकता के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।






