सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“अतीत का कचरा हटाओ, वर्तमान की बगिया महकाओ”
-सुश्री सरोज कंसारी
अतीत के कचरे से मन को आज आज़ाद करो, तभी वर्तमान की बगिया में खुशियों के फूल खिलेंगे।
=========================
मन को अतीत के कचरे से आज मुक्त कर डालो,
आंतरिक शांति का तुम एक मार्ग अपना लो।
जब तक न साफ़ होगी कड़वाहट व गलतियों की धूल,
वर्तमान की बगिया में कभी खिलेंगे नहीं फूल।”
संसार में इंसान का मन एक डायरी की भाँति है, जिसमें जीवन के हर पल की स्मृतियाँ लिखी जाती हैं। कुछ स्मृतियाँ हमें हँसाती हैं, तो कुछ रुलाती हैं। पर जब हम पुराने दुखों और गलतियों को बार-बार याद करते रहते हैं, तो हमारा वर्तमान खराब होता है। सच तो यह है कि यदि पुरानी स्मृतियों को साफ़ न किया जाए, तो मन का संघर्ष कभी बंद नहीं होगा। कल्पना कीजिए एक ऐसे कमरे की, जिसकी सालों से सफ़ाई नहीं हुई हो। उसके हर कोने में धूल, पुराना सामान और कचरा भरा पड़ा है। उस कमरे में रहना कितना मुश्किल होगा! ठीक इसी तरह हमारा मन भी है। अगर इसमें पुरानी कड़वी यादों का कचरा जमा होता रहेगा और हम उसे साफ़ नहीं करेंगे, तो शांति से जीना असंभव हो जाएगा।
क्या कभी ऐसा हुआ है कि आप बिस्तर पर लेटे हों और अचानक पाँच साल पुरानी कोई बात याद आ जाए, और आप पूरी रात उसी के बारे में सोचते रहें? हम सबके साथ ऐसा होता है। अतीत की यादें हमारे मन में घर कर जाती हैं, लेकिन जो यादें हमें आगे बढ़ने से रोकें, उन्हें संभाल कर रखना ही हमारे संघर्ष की सबसे बड़ी वजह बन जाता है। शांत रहना एक कला है; इसे सीख लोगे तो दुनिया को जीत लोगे। अंतर्मन लड़ाई इसलिए लड़ता है, क्योंकि वह पुरानी बातों को पकड़कर रोज़ धोता रहता है। जब कोई पुरानी बात परेशान करेगी, तो उसे कागज पर लिख डालो और फिर उस कागज को फाड़कर फेंक दीजिये।
अतीत से सीखें, रुकें नहीं..! अतीत हमारे अनुभव के लिए है, उसमें कैदी बनने के लिए नहीं। पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना ही जीवन है। जब तक हम दूसरों को और खुद को माफ़ नहीं करते, तब तक हम भीतर से आज़ाद नहीं हो सकते। मन को शांत करने के लिए ‘ध्यान’ और विचारों को व्यवस्थित करने के लिए ‘लेखन’ सबसे बेहतरीन साधन हैं। यदि हम अपने मन में अतीत का बोझ लेकर चलेंगे, तो स्वयं ही परेशान होते रहेंगे।
”बीते हुए कल को तुम,
बस एक सबक बना लें।
आने वाले सुनहरे कल को,
हंसकर गले लगा लें।”
औरों की या स्वयं की छोटी-छोटी गलतियों को पकड़कर बैठे रहने से हमारे वर्तमान के खूबसूरत पल नष्ट हो जाते हैं। हमें अतीत के अनुभवों से सीख लेनी चाहिए, अपनी स्मृतियों का कैदी नहीं बनना चाहिए। जब हम पुरानी कड़वाहट को छोड़ देते हैं, तब सब कुछ ठीक होने लगता है। एक साफ़ मन वाला इन्सान ही रचनात्मक कार्य कर सकता है और प्रसन्न रह सकता है; क्योंकि उसका मस्तिष्क इस बात पर केंद्रित नहीं होता कि ‘क्या हुआ था’, बल्कि इस पर होता है कि ‘अब क्या किया जा सकता है‘।






