सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)


चौखम्भा की तलहटी में विराजमान मनणामाई की पांच दिवसीय लोकजात यात्रा का आगाज 22 जुलाई से।
रासी गांव से शुरू होगी 32 किमी की पैदल यात्रा। सावन माह में हर वर्ष होता है लोकजात यात्रा का आयोजन।
ऊखीमठ: चौखम्भा पर्वत की पावन तलहटी तथा मदानी नदी के निर्मल तट पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भेड़ पालकों की आराध्य देवी मनणामाई की पांच दिवसीय, 32 किलोमीटर लंबी पारंपरिक लोकजात यात्रा आगामी 22 जुलाई से प्रारंभ होगी। यात्रा का शुभारंभ भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रासी गांव से विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा। इस ऐतिहासिक लोकजात यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
सदियों पुरानी इस लोकजात यात्रा का आयोजन प्रतिवर्ष सावन माह में किया जाता है। यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं तथा भेड़ पालक समुदाय की श्रद्धा का भी जीवंत उदाहरण है। यात्रा के दौरान देवी मनणामाई की डोली पारंपरिक भक्तों की जयकारों और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ निर्धारित पड़ावों से होकर चौखम्भा की तलहटी तक पहुंचती है।
मान्यता है कि देवी मनणामाई ने चौखम्भा की तलहटी और मदानी नदी के किनारे कठोर तपस्या कर लोककल्याण, प्रकृति संरक्षण तथा पशुधन की रक्षा का आशीर्वाद प्रदान किया था। इसी कारण भेड़ पालक समुदाय उन्हें अपनी आराध्य देवी के रूप में पूजता है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु देवी से सुख-समृद्धि, पशुधन की वृद्धि, अच्छी वर्षा, भरपूर कृषि उत्पादन तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हैं। पांच दिनों तक चलने वाली इस पैदल यात्रा में मद्महेश्वर घाटी सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण, भेड़ पालक समुदाय तथा देवी-भक्त शामिल होंगे। स्थानीय युवक एवं महिला मंगल दल भी यात्रा की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राकेश्वरी मन्दिर समिति पूर्व अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने बताया कि लोकजात यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने तथा पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था की अमूल्य धरोहर है, जिसे भावी पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना सभी का दायित्व है। शिक्षाविद रविन्द्र भट्ट ने बताया कि मनणामाई लोकजात यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हिमालयी लोकजीवन, प्रकृति और संस्कृति के अद्भुत समन्वय का भी प्रतीक मानी जाती है। हर वर्ष सावन माह में आयोजित होने वाली यह यात्रा क्षेत्र की सामाजिक एकता, लोक परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करती है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि देवी मनणामाई की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।








