सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका/रिपोर्टर/उद्घोषिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
”शिकायत करो, पर दिल में दर्द मत रखो”
– सुश्री सरोज कंसारी
======================
जीवन में कई तरह की परेशानियाँ आती हैं। अपने स्तर पर हर कोई समस्या के समाधान के उपाय करता है। सांसारिक जीवन के निर्वहन में तकलीफ होती ही है, किसी न किसी बात को लेकर। लगातार कोई शारीरिक और मानसिक कष्ट मिले या कोई जानबूझकर आत्मा को चोट पहुँचाए, तब तो वह दर्द दिल में ठहर जाता है। हर इंसान की तकलीफ सहने की क्षमता अलग होती है। कोई भावुक होकर सब कुछ कह देता है। कोई शिकायत करता है, चिल्लाता और चीखता है, जी भरकर रो लेता है और मन हल्का कर लेता है। सबसे ज्यादा दुखी वे होते हैं जो तकलीफ देने वाले से कुछ नहीं कहते। दर्द को भीतर ही भीतर घुटते हैं, छुपकर आँसू बहाते हैं। उनका अंतर्मन रोता है पर बाहर किसी से जाहिर नहीं करते। शिकायत करने से, अपने दिल की बात कह देने से मन की बेचैनी कम होती है। पर दिल में दर्द को रखकर उसे दोहराते रहने से, हर पल महसूस करने से इंसान मानसिक रूप से बीमार बनता है।
हम सभी इंसान हैं, भावनाएँ हममें जीवित हैं। इसलिए लोगों के अच्छे-बुरे हर व्यवहार का असर होता ही है। सही और गलत के प्रति प्रतिक्रिया करने से मन शांत होता है। हमें सांत्वना मिलती है कि जो दर्द है उसे हमने कह दिया। दर्द को दिल में रखने से वह और बढ़ता है, कह देने से राहत मिलती है। दर्द को दिल में रखने से वह आग बन जाता है, जिसमें इंसान धीरे-धीरे राख होने लगता है। शिकायत है किसी से तो कह दीजिए, किसी की सलाह सुनिए और समाधान निकालिए। सिर्फ शिकायत मत करते रहिए। शिकायत को दिल-दिमाग में हर पल सक्रिय मत कीजिए। जब जैसी परिस्थिति आए, उसके अनुसार सोचिए, निर्णय लीजिए फिर कार्य कीजिए। कड़वाहट भरकर जीवन का सफर बहुत कठिन हो जाता है। दर्द को खुद पर हावी मत होने दीजिए।
नकारात्मक भावों को भूलकर वर्तमान पर ध्यान दीजिए। दर्द में ही जीते रहने से मन का सुकून और जीवन की हर खुशी नष्ट हो जाती है। हर पल दर्द में जीने से नफरत, चिड़चिड़ापन बढ़ता है और क्रोध का जन्म होता है। हर लम्हा गमगीन हो जाता है। जो अपने होते हैं, वे हर पल आपको उदास और दुखी अवस्था में देखकर किनारा करने लगते हैं। जख्मों को सोच-सोचकर कुरेदते मत रहिए। अच्छे कर्म में लीन होकर सफलता प्राप्त कीजिए। छोटी-छोटी खुशियों को सहेजकर जख्म को सहलाइए, सांत्वना दीजिए। नए उद्देश्य की ओर उत्साहित होकर बढ़िए। जब कोई दर्द देकर अफसोस नहीं करता, तो आप भी उसे सीने से लगाकर मत रखिए। बार-बार किसी के दिए गए धोखा, छल, कष्ट, षड्यंत्र को याद कर हीनभाव मत रखिए। बदले के भाव छोड़ दीजिए। खुद को मजबूत और सहनशील बनाते रहिए। किसी को सजा देने की मत सोचिए। दर्द में ठहरिए मत, गुजरते रहिए। हर “क्यों?” का जवाब तलाश मत कीजिए। कुछ बातों को दिल में ही दफन कर दीजिए।
खुद की गलती को और दूसरों के दुर्व्यवहार को जहाँ तक हो माफ करते रहिए। जो यादें, बातें और लोग आपकी मनःस्थिति बिगाड़ें, उन्हें त्याग दीजिए। दर्द से आगे भी एक खूबसूरत जिंदगी है। मेहनत करो और सपनों को पूर्ण करो। अपनी पसंद के अनुसार जियो, दर्द के साथ नहीं। दर्द से सीख लेकर खुद को निखारो, दर्द में डुबो मत। दर्द का जब सैलाब आता है तो जिंदगी में तबाही होती है। दर्द के आँसू को बहने दीजिए, उसे रोकिए मत। रोना हल नहीं है। अब बहुत हुआ, मन की थकान से निकलिए। इस जीवन के योद्धा बनिए। वक्त, भाग्य और हालात से लड़िए। दर्द से निराश होकर दिल को पत्थर मत कीजिए। प्रेम की नमी देकर उसे उपजाऊ बनाइए।
”दिल से दूर कर लो,
दुखों की हर बात।
ख़याल आए तो बेशक आए,
पर हमें उससे दिल नहीं लगाना,
जो मन को निराश करे।”
जब हम औरों को समझते हैं तो वह हमारा ज्ञान होता है, और जब हम खुद को समझते हैं तो वह हमारा ध्यान होता है। इससे परे जो अवस्था होती है वह अलग होती है। जैसे एक माली मुरझाए पत्ते तोड़कर नए अंकुर के लिए जगह बनाता है, वैसे ही हमें भी पुरानी यादों और बातों को दिल से निकाल देना चाहिए यदि वे हमें दुःख देती हैं। उनसे दिल नहीं लगाना चाहिए, चाहे ख्याल भले ही आता हो।







