संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
श्रावण के पहले सोमवार पर मेहंदी घाट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी।
कन्नौजः श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर गंगा स्नान के लिए मेहंदी घाट पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सोमवार को घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, यातायात व पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। घाट क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। वहीं, किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने घाट पर श्रद्धालुओं से संवाद कर गहरे पानी में न जाने और निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी तिर्वा सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।






