डॉ0 हरि नाथ मिश्र
(पूर्व विभागाध्यक्ष-अंग्रेजी)
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
फहरा राष्ट्र-तिरंगा
लालकिले से लालचौक तक,
फहरा राष्ट्र-तिरंगा,
रावी-सतलज-सिंधु-झील डल,
का जल हो गया चंगा।
महानदी-कृष्णा-कावेरी,
केन-बेतवा-चम्बल-
जश्न मनाएँ ब्यास-नर्मदा,
सरयू-यमुना-गंगा।।
……..फहरा राष्ट्र-तिरंगा।।
जम्मू सँग लद्दाख-काश्मीर, सब मिल नाचें-गाएँ,
भारत माता के चरणों में, सब जन शीष झुकाएँ।
लिए राष्ट्र-ध्वज निज हाथों में,
चहुँ-दिशि भारतवासी-
महापर्व पर झूमें जैसे, दीपक संग पतंगा।।
……………फहरा राष्ट्र-तिरंगा।।
स्वर्ग समान कश्मीर की घाटी,
प्राप्त कर लिया गौरव,
पुनः मिला सम्मान उसे वो,
जो था अभी असंभव।
जकड़े थी पाँवों को उसके,
अबतक जो विधि-धारा-
टूट गयी बेड़ी वो झट-पट, बिना सियासी पंगा।।
…………….फहरा राष्ट्र-तिरंगा।।
बहुत दिनों की आस अटल की,
हो अखंड भारत अपना,
फहर गया घाटी में तिरंगा,
पूर्ण हो गया सपना।
होंगे परम प्रसन्न जन-नायक,
छोड़ हमें जो चले गए।
देव-लोक में होंगीं खुशियाँ, खेल-कूद-हुड़दंगा।।
…………..फहरा राष्ट्र-तिरंगा।।
आज का नायक सतत प्रयास से राष्ट्र अखंड बनाया,
काश्मीर-लद्दाख का काला, धब्बा शीघ्र मिटाया।
एक निशान, प्रधान एक का,
पूर्ण हुआ प्रण देखो-
नव भारत-निर्माण में अब तो नहीं है कोई अड़ंगा।।
……………फहरा राष्ट्र-तिरंगा।।
नहीं दूर अब वह दिन मित्रों, जब फहरेगा झंडा,
गिलगित-बाल्टिस्तान के ऊपर,
पाक का फोड़ के भंडा।
प्राप्त करेगा अपना गौरव, पुनः ये राष्ट्र हमारा-
करके सब नापाक पाक की,
गंदी चाल को नंगा।।
लालकिले से लाल चौक तक,
फहरा राष्ट्र-तिरंगा।।






