✍ आशीष त्रिवेदी
बिहार
(नया अध्याम, उत्तराखण्ड)
अखंड भारत संकल्प कार्यक्रम में गूंजा राष्ट्र एकता का संदेश
संजय, किशनगंज
मनोरंजन क्लब में अखंड भारत समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘अखंड भारत संकल्प कार्यक्रम’ में राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अधिवक्ता ओम कर्ण, सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य नागेंद्र तिवारी, विभाग कार्यवाह सुखदेव सहित बड़ी संख्या में युवा, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
प्रधानाचार्य नागेंद्र तिवारी ने भारत विभाजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास से सीख लेकर समाज को जाति, ऊंच-नीच और अन्य विभाजनकारी प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। वहीं कृष्ण कुमार वैद ने युवाओं को देश की एकता और भविष्य का प्रहरी बताते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक माधव मणि त्रिपाठी ने सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों और बदलती जनसांख्यिकी पर चिंता जताते हुए संगठित एवं जागरूक समाज की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य वक्ता अधिवक्ता ओम कर्ण ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अखंड भारत की संकल्पना के लिए राष्ट्र जागरण, सामाजिक एकता, सीमा सुरक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा जरूरी है।

कार्यक्रम में संजय कृष्ण, चंद्रकिशोर राम, मुकेश कुमार, संतोष कुमार, अभिजीत कुमार, चिंटू त्रिपाठी, सनोज कुमार, बुलेन जी, सुनील जी, कैलाश जी, अमित जायसवाल, अधिवक्ता पंकज झा सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ और अखंड भारत के संकल्प के साथ हुआ।







