सम्पादक फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, फिरोजपुर)
पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘क्लीन पंजाब मिशन’ की शुरुआत।
जिला फिरोजपुर में मिशन क्लीन पंजाब का आगाज : एडीसी डॉ. अमनदीप कौर।
मिशन क्लीन पंजाब के तहत 29 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक चलेगा विशेष सफाई अभियान।
फिरोजपुरः 29 अगस्त। पंजाब सरकार द्वारा पूरे राज्य में चलाए जा रहे मिशन क्लीन पंजाब के तहत आज 29 अगस्त 2026 को पंजाब की सभी नगर परिषदों और नगर पंचायतों में विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। स्थानीय निकाय मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन दिनों पंजाब के सभी शहरों में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।
इस संबंध में जिला फिरोजपुर की डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर डॉ. अमनदीप कौर के नेतृत्व में जिले की सभी नगर परिषदों और नगर पंचायतों द्वारा आज सुबह से ही निर्धारित शेड्यूल के अनुसार विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सुपरिंटेंडेंट सैनिटेशन सुखपाल सिंह ने बताया कि फिरोजपुर शहर में तैयार किए गए विशेष शेड्यूल के अनुसार आज सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल से लेकर शहीद ऊधम सिंह चौक, दिल्ली गेट और बगदादी गेट तक माल रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत पूरे मार्ग की संपूर्ण सफाई एवं स्वीपिंग, कचरे और मलबे की लिफ्टिंग, क्षेत्र की बरसाती नालियों की सफाई, पानी का छिड़काव, मच्छररोधी दवा का छिड़काव तथा फॉगिंग करवाई गई।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार जिले की अन्य नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भी निर्धारित विशेष शेड्यूल के अनुसार सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
अंत में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) एवं नोडल अधिकारी, मिशन क्लीन पंजाब डॉ. अमनदीप कौर ने फिरोजपुर जिले के लोगों से अपील की कि जिले की सामाजिक सेवा संस्थाएं, धार्मिक संस्थाएं और राजनीतिक संस्थाएं इस अभियान में अपना सहयोग दें और बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि फिरोजपुर जिले को स्वच्छ, सुंदर, साफ-सुथरा और हरा-भरा जिला बनाया जा सके।






