सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका व शिक्षिका
रिपोर्टर, उद्घोषिका, नवापारा-राजिम
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लेख:
“अधिक ध्यानमय होने में शक्ति लगाओ”
: सुश्री सरोज कंसारी
=========================
प्राचीन ऋषियों का भी यही मत रहा है और हमें भी इसे अपनाना चाहिए कि मन ही स्वर्ग है और मन ही नरक है। मन कभी चंचल है, कभी व्याकुल है, कभी शांत है, तो कभी अशांत, कभी प्रसन्न तो कभी निराश। ये सब अवस्थाएँ हम स्वयं ही बनाते हैं। मन यदि इधर-उधर भागने के बजाय ध्यानमय होकर रहे तो मनुष्य की अधिकतर समस्याएँ स्वयं ही समाप्त हो जाती हैं। मन फिर परेशान नहीं होता। यदि हम किसी बीती हुई या वर्तमान बात के संवेदना पक्ष को लेकर बार-बार चिंतन करते हैं तो वही चिंतन दुःख का कारण बन जाता है, इसलिए अधिक चिंतन से बचना चाहिए।
जितना आवश्यक हो उतना ही चिंतन करें, स्वयं को संभालने में लगे रहें, मन को अधिक लाड़ मत दीजिए। यह संसार हमारे मुताबिक नहीं चलेगा, फिर भी ‘जो है सो है’ इसी भावना के साथ जीना ही सुकून है और ऐसी स्वीकृति में रहने वाला व्यक्ति कभी अशांति का अनुभव नहीं करता। इसके लिए ध्यानमय होकर रहना ही होगा, ध्यान ही सब कुछ है, ध्यान में रहने से हम परेशान नहीं होते। अपनी सेहत और अपनी मानसिकता को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें, मानसिक संतुलन सदैव बना रहे, क्रोध कभी न आए, हम बस ध्यानमय होकर जीवन जिएँ, हमारी भावना हो कि सबका भला हो, हमसे किसी का बुरा न हो, हमारी भावना सबके लिए एक जैसी हो और सबके कल्याण में ही अपना कल्याण मानना चाहिए।
काव्य:
मन को शांति से भरते जाओ,
जो है, जैसा है, उसी में प्रसन्न रहो।
न ईर्ष्या, न चिंता, सद्भावना जगाओ,
ध्यानमय हो जाओ… ध्यानमय हो जाओ।
आज इंसान के मन के शांत न रहने का कारण यही है कि इंसान जब भोजन करता है तो वह केवल भोजन नहीं करता, भोजन के साथ-साथ वह और भी कई काम करता है। जबकि होना यह चाहिए कि यदि हम किसी से बात करते हैं तो उस समय हमारा ध्यान उसी बात पर होना चाहिए। उस समय कोई और बात, कोई और काम नहीं करना चाहिए। क्योंकि हमने यह माना है कि जब हम एक साथ कई काम करते हैं तो हम मुख्य काम को भूल जाते हैं या हमारा ध्यान भटक जाता है। ध्यानमय होने का अर्थ है कि हम जो भी करें उसमें पूरा ध्यान लगाकर करें। एक साथ दो चीजें न करें। अपने मन को प्रतिपल शांत, स्थिर और शीतलता से भरा हुआ रखें। और यह करना एकदम संभव है।
आज आवश्यकता है कि हम इस संसार में प्रेम, शांति और सद्भावना बाँटने का महान कार्य करें। जो मनुष्य अपने हृदय में ईर्ष्या का भाव रखता है, वह कभी भी चैन और संतोष का जीवन नहीं जी पाता, यही जीवन की वास्तविकता है। हम जैसा कर्म करते हैं, वैसा ही लौटकर हमारे पास आता है। इसलिए स्वयं को ध्यान के पथ पर चलाओ, व्यर्थ की चिंताओं से मुक्त रहो और अपनी सहज खुशी को गले लगाओ। हर समय चिंतन से बचो और मानवता के कल्याण के लिए जहाँ तक संभव हो, अपना हाथ सदा आगे बढ़ाते जाना चाहिए।







