राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“सफलता”
(कहानी)
रजत एक छोटे से शहर से आया था। दिल्ली की भीड़-भाड़ वाली आईटी कंपनी में जॉब लगी थी उम्र सिर्फ बाईस साल थी, लेकिन सपना बहुत बड़ा अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करूंगा। हर शाम वह ऑफिस से निकलकर कॉफी शॉप में बैठता और नोटबुक खोलकर आइडिया लिखता, कभी-कभी दोस्त पूछ लेते, “क्या प्लान बना रहा है भाई?”
रजत पहले तो बता देता था, आँखों में चमक आ जाती, “यार, एक ऐप बनाऊँगा जो किसानों को सीधे मार्केट से जोड़ दे। तीन साल में बड़ा बिज़नेस खड़ा करूँगा।”
दोस्त मुस्कुराते, कुछ सलाह देते, कुछ मजाक उड़ाते “अरे रजत, पहले सैलरी का EMI तो निकाल ले, स्टार्टअप सबके नहीं होते, कोई कहता, “टेकनोलॉजी बहुत कॉम्पिटिटिव है। कोई कहता, “फंडिंग कहाँ से लाएगा रे?”
रजत घर लौटता तो मन भारी होता। रात भर उन्हीं बातों का रिप्ले चलता सारी ऊर्जा निकल जाती। अगले दिन ऑफिस में काम करते हुए भी दिमाग वहीँ रहता लोग क्या सोच रहे होंगे, क्या कहेंगे अगर फेल हो गया तो? एक दिन उसने फैसला किया। अब कोई बात किसी को नहीं बताऊँगा।
उसने लंच ब्रेक में भी नोटबुक बंद रखी, घर आकर सिर्फ काम किया। कोड लिखा, मार्केट रिसर्च की, किसानों से बात की सोशल मीडिया पर कोई स्टेटस नहीं, कोई “हैशटैग” वाला पोस्ट नहीं शेयर किया। दोस्त जब पूछते तो बस मुस्कुराकर कहता, कुछ नहीं यार, बस जॉब कर रहा हूँ।
दो साल बीत गए। कंपनी में प्रमोशन भी मिला लेकिन रात के दो-दो बजे तक वह अपना प्रोजेक्ट पूरा कर रहा था, कभी थकान होती, कभी हार मानने का मन करता, लेकिन किसी को बताने का मौका नहीं था, इसलिए हार भी चुपचाप सहनी पड़ती थी।
तीसरे साल एक दिन उसका ऐप लॉन्च हुआ। पहले हफ्ते में कुछ सौ डाउनलोड फिर एक किसान वीडियो वायरल हुआ उसके खेत का भाव सीधे खरीदार से जुड़ गया था। मीडिया ने खबर बनाई निवेशक खुद संपर्क करने लगे।
एक सुबह ऑफिस में सबके मोबाइल पर खबर आ गई, दोस्त अचंभित थे। “यार रजत! ये तेरा स्टार्टअप है? तूने कभी बताया क्यों नहीं?” रजत मुस्कुराया, बताता तो शायद पूरा न कर पाता। अब जब वह स्टेज पर खड़ा होकर अवॉर्ड ले रहा था, तो भीड़ तालियाँ बजा रही थी, कैमरे चमक रहे थे। लेकिन रजत के मन में वही पुरानी नोटबुक थी, जिसमें उसने एक दिन लिखा था जो अपना लक्ष्य दूसरों को बता देता है, वह अपनी ऊर्जा खो देता है। इसलिए चुपचाप काम करो सफलता खुद शोर मचाएगी और सच में, सफलता ने शोर मचाया। बहुत तेज़ शोर, आज भी जब कोई नया जवान उससे पूछता है कि सपना कैसे पूरा करें, तो रजत सिर्फ इतना कहता है कि बोलने से पहले कर लो, बोलने के बाद करने की हिम्मत कम रह जाती है।






