राजकुमार कुम्भज, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सोनिया गांधी की किताब
सोनिया गांधी की प्रस्तावित किताब ‘बिलाँग्गिं:ए जर्नी ऑफ लव’ को छापने अथवा नहीं छापने को लेकर प्रकाशक की ओर से की गई बयानबाजी से देश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं तथा अटकलों का माहौल गरमाया हुआ है।
इस समूचे प्रहसन में पुस्तक-लेखिका श्रीमती सोनिया गांधी का बयान आना इसलिए भी अनिवार्य हो जाता है; क्योंकि प्रकाशक की ओर से सार्वजनिक बयानबाजी की गई है।
पुस्तक की एक लाख प्रतियों का आर्डर, पुस्तक छपने से पहले ही आ गया है। अब ये सिर्फ एक सूचना मात्र नहीं है।
बिक्री बढ़ाने की खातिर पुस्तक को चर्चा में ले आने के स्टंट किए जाना कोई नया मामला नहीं है।
प्रकाशक और लेखक के मध्य ऐसी कौन-सी बातें हैं, जिसे प्रकाशक ‘गोपनीयता’ बताकर ‘सनसनी’ बना रहे हैं?
जो किताब ‘जस की तस’ जब भारत के बाहर छप ही रही है, तो क्या वह भारत नहीं आएगी?
प्रकाशक ‘गोपनीयता’ बताकर ‘सनसनी’ फैलाते हुए एक लेखक के प्रति दोहरा किन्तु बेहद ही मासूमियतभरा व्यवहार क्यों दर्ज कर रहे हैं?
‘अघोषित सेंसरशिप’ के आरोप को ‘काल्पनिक’ अथवा ‘द्वेषपूर्ण’ समझकर खारिज कर देना क्या अन्यथा नहीं हो सकता है?
मानाकि मुर्दे गवाही नहीं देते हैं, लेकिन जो जिंदा हैं, वे आखिर कब तक ‘चुप रहने के अपराधी’ बने रह सकते हैं?
‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया और वो भी मरी हुई’ का आकलन अभी करना जल्दबाजी होगी। यह भी हो सकता है कि कोई ऐसा-वैसा ‘जिन्न’ सामने आ बैठे, जिसकी वजह से असली-नकली चेहरों का तमाम ‘सौंदर्यशास्त्र’ ध्वस्त हो जाए?
लेकिन एक बात तय होती जा रही है कि ‘अघोषित सेंसरशिप’ का मामला भयभीत करने के प्रसंग और संदर्भ से जरा भी अछूता नहीं है।
सोनिया गांधी की प्रस्तावित किताब ‘बिलाॅगिंग:ए जर्नी ऑफ लव’ अगर एक पारिवारिक-सामाजिक- राजनीतिक संस्मरण अथवा आत्म-विश्वासभरे संघर्षों की कोमलकांत विवरणिका साबित हुई, तो फिर क्या कीजिएगा?






