

डॉ. दिनेश कुमार शर्मा
अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
राष्ट्रीय कवि संगम ब्रज प्रांत के तत्वावधान में भव्य कवि संगोष्ठी आयोजित।
अलीगढ़ः 30 अगस्त 2026। राष्ट्रीय कवि संगम ब्रज प्रांत के बैनर तले एस जे डी पब्लिक स्कूल, अलीगढ़ में रविवार को एक भव्य कवि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि नरेन्द्र शर्मा ‘नरेन्द्र’ जी ने की।
संगोष्ठी का सफल संयोजन कुंवरपाल ‘भंवर’ जी एवं राजेश उपाध्याय जी ने किया।
कार्यक्रम में साहित्य, कविता और कवियों के जीवन-संघर्ष एवं रचनात्मक योगदान पर सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ कवि अनिल वोहरे जी के 75वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कवियों के जीवन परिचय एवं साहित्यिक योगदान से संबंधित पुस्तक ‘बधाई हो बधाई’ का लोकार्पण किया गया।
पुस्तक के लोकार्पण को उपस्थित साहित्यकारों एवं कवियों ने साहित्य जगत के लिए महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि साहित्यकारों के जीवन और उनके रचनात्मक सफर को पुस्तक के माध्यम से संजोना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
संगोष्ठी में उपस्थित कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं का काव्य पाठ कर वातावरण को साहित्यिक एवं भावपूर्ण बना दिया। वीर रस, श्रृंगार, हास्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं ने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी साहित्यकारों, कवियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए एक यादगार अवसर बन गया।







