नारी केवल देह नहीं, अपितु संपूर्ण सृष्टि की सशक्त धुरी है

Spread the love

 

सुश्री सरोज कंसारी

कवयित्री, लेखिका, शिक्षिका 

रिपोर्टर, उद्घोषिका, नवापारा-राजिम 

रायपुर (छत्तीसगढ़)

 

 

                (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

 

आलेख:

 

नारी केवल देह नहीं, अपितु संपूर्ण सृष्टि की सशक्त धुरी है

  : सुश्री सरोज कंसारी 

 

*********************

 

स्त्री का जीवन मायके से ससुराल तक का सफर होता है। मां से मायका और तीज-त्योहार होता है। बेटी दुनिया में सबसे करीब अपनी मां के ही होती है। एक बेटी के रूप में जब किसी के घर के आंगन में जन्म होता है तो साक्षात लक्ष्मी और दुर्गा की अवतार के रूप में उसे माना जाता है। मां की ममता के आंचल में पलती है और बचपन से ही उसकी गोद में रहकर अंत तक उसकी परछाई बनी रहती है। मां से बेटी का रिश्ता बहुत ही प्यारा होता है। जैसे-जैसे बड़ी होती है नकल करती है बर्तन धोने, खाना बनाने, झाड़ू लगाने का, जिसे वो चार-पांच साल से ही शौक से करने लगती है। उसे पता नहीं होता उस समय यही काम तो उसे जीवन भर करना है, जिसकी शुरुआत छोटी उम्र से ही हो जाती है। बेटे कुछ बड़े होने पर बाहर खेलने निकल जाते हैं, लेकिन बेटी अपनी मां की सहायता करती है। सबसे करीब दुनिया में वो अपनी मां के ही होती है, जो साथ रहकर उन्हें देखकर रीति-रिवाज, परंपरा, संस्कृति को सहज ही सीख जाती है। संस्कार, मान-मर्यादा के गुण उसमें स्वमेव आ जाते हैं। कहते हैं बेटी मां की ही कार्बन कॉपी होती है। सिर्फ शक्ल-सूरत से ही नहीं अक्ल से भी मां की नकल करके ही सही, बहुत कुछ अर्जित कर लेती है। अनुकरण करती है, मां के स्वभाव का बेटी पर असर होता है।

 

हर बात पर प्रश्न पूछकर अपने भविष्य में संघर्ष के लिए तैयार होती है। अनजाने में ही सही ईश्वर की सबसे सुंदर रचना होती है। बेटी और मां की जोड़ी जो एक दूसरे के बिना अधूरे ही होते हैं। मां से हर बात कह देती है, कहीं से भी आए सबसे पहले मां को ढूंढती है बेटी। दिनभर में उसके साथ जो हुआ उसे एक ही सांस में कह देती है, या यूं कहें कि मां ही उसकी जिंदगी का सार होती है। सबसे कुशल कारीगर होती है मां, जिनमें दुनिया की हर कुशलता होती है। बिना किसी प्रशिक्षण, डिग्री के युवा बेटी को घर की दहलीज लांघने से पहले इस समाज की हर प्रकार की मानसिकता से, लोगों की नियत, अपने कर्तव्य, संयम और शील सीखने के साथ उसे हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए एक मां ही प्रेरित करती है। एक मां अपनी बेटी के लिए एक शिक्षिका, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, जज, पायलट, सहेली और पुलिस भी बन जाती है। जितनी सरलता से बेटी मां से सीखती है और किसी से भी नहीं, क्योंकि वो मां के सबसे करीब होती है। मां से मिले सीख को बेटी जीवन भर नहीं भूलती। हर पग पर, हर मोड़ पर उसे मां की जरूरत पड़ती ही है।

 

ममता की गोद से उतरकर किसी अनजान डगर में जाना कितना कष्टदायक होता है, एक बेटी ही बता सकती है। बेटी से बहू बनती है, अपनी हर सांस में मां को रखती है। कुछ डरी-सहमी, संकोच भरे मन से ससुराल में कदम रखती है और अपनी मां की मूरत को ध्यान कर उसके बताए हर अच्छी बात को याद करती है। एक बहू के रूप में विभिन्न रिश्तों को निभाने का पूरा प्रयास करती है। घर को संभालने का हुनर तो वह अपनी मां को देखकर ही सीख जाती है। साथ ही हर रिश्तों के अनुसार अपने व्यवहार को ढालना भी इतना आसान नहीं होता, फिर भी धीरे-धीरे एक पराए घर को वो अपना बना लेती है। जब-जब परेशानी आती है, गलती हो जाती है या किसी की कोई बात चुभती है वो चुपके से रोती है। मां को याद करती है और अपने आंसू पोंछकर फिर लग जाती है अपने काम पर। आज बेटियां बहुत समझदार हो गई हैं, एकदम नाजुक नहीं मजबूत बनी हैं पहले से। ससुराल और मायके के बीच की कड़ी होती हैं। बहू के रूप में यहां जीवन बसर करना है, इसलिए हर गम की घूंट को पी जाती है, लेकिन घर में बताना उचित नहीं समझती। कहते हैं न मासूम होती है बेटी। सच में मां बेटी को दुखी जानकर चिंता न करे, इसलिए फोन पर अपनी कुशलता ही बताती है, बल्कि झूठ में भी सबकी तारीफ कर देती है, चाहे उसे कितने भी ताने मिले, प्रताड़ित हो। लेकिन मायके को बीच में नहीं लाना चाहती, उनकी आंखों में आंसू नहीं देख सकती।

 

स्त्री का जीवन मायके से ससुराल तक रहता है। आजीवन उसे अनजान जगह में चाहे कितना भी प्यार मिले पर मायके की जगह कोई नहीं ले सकता। चेहरे पर असली खुशी एक बेटी के अपने भाई-बहन, माता-पिता को देखकर ही आती है। यूं तो मायके में मर्यादित होती है बेटी, हर बात के लिए जरूरी सलाह उसे अपनों से मिलता ही है। कहां जाना, नहीं जाना, एक बंधन होता है, हर पल उसकी चिंता होती ही है। इसलिए समय-समय पर रोक-टोक करते हैं, जिससे वह परिपक्व हो जाती है और अपनी सीमा पहचानती है, अपना भला-बुरा समझती है और कोई भी कदम सोच-समझकर ही उठाती है। परिवार में हर किसी का ध्यान रखती है, शिक्षा के साथ मां के काम में हाथ बंटाती है, आत्मनिर्भर होने के लिए हुनर पास रखती है, घर में कोई समस्या आने पर सबसे ज्यादा परेशान होती है, जरा सी बात पर रोती है, जैसे ही विवाह योग्य होती है सभी को चिंता होने लगती है। विवाह के बाद भी एक नए माहौल में सामंजस्य स्थापित करना होता है। हर रिश्तों की गरिमा को समझकर उसे निभाते चलती है। परिवार में सभी के पसंद-नापसंद का ख्याल रखती है। नन्ही सी कली एक बेटी के रूप में होती है वहीं आगे चलकर बहू, मां, सास के रूप में परिवार की प्रबंधक होती है। हर किसी की जरूरत को जानती है, रसोई से तो उसका अटूट बंधन होता है। सुबह से उठकर स्नान, पूजन, सफाई, झाड़ू-पोंछा, बर्तन, कपड़े धोना, बच्चों को तैयार करना, टिफिन बनाना, उनके होमवर्क, घर के बुजुर्गों का ध्यान, सेवा, समय पर दवाई देना, चाय-नाश्ता, भोजन समय पर देना, किसको क्या चाहिए जानती है। देर रात तक लगातार काम कर थकान भरे शरीर और चिंतित मन से सो जाती है, कब सुबह होती है पता नहीं चलता, कभी थकती नहीं यही क्रम होता है हर दिन।

 

आजकल शिक्षित होकर दोहरी भूमिका का निर्वहन कर स्त्री खुद को गौरवान्वित महसूस करती है। अपने घर के काम कर विभिन्न क्षेत्रों में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, पुलिस, जज, सैनिक, कलेक्टर के पद पर भी है। धन्य है स्त्री का जीवन और ईश्वर की रचना जो नाजुक कहलाने वाली स्त्री को मजबूती प्रदान कर सृष्टि के सृजन के लिए इस संसार में भेजा। वाकई वंदनीय होती है मां, बेटी, पत्नी और बहू के रूप में मातृशक्ति जिसके बराबर कोई शक्तिशाली नहीं। तीज-त्योहार पर मायके जाने के नाम पर एक चमक आ जाती है उनके चेहरे पर और अपनों से मिलने की एक तड़प होती है। उनकी आंखों में अनायास ही नमी आ जाती है, सोच में डूब जाती है, कैसे होंगे माता-पिता, भाई-बहन, सब खुश तो होंगे न? और एक दुआ निकलती है उन्हें दुनिया की हर परेशानी से बचाकर रखने की प्रार्थना दिल से करती है। बचपन से लेकर यौवन तक की हर बात को याद करती है। घर के आंगन में साथ खेले, उनके साथ किए झगड़ा, स्नेह, रूठना-मनाना, जिद, खिलौने और जहां हर गलती पर क्षमा मिलना कितना सुखद एहसास होता है। सोचती है काश उसी दुनिया में फिर लौट जाऊं और अचानक अपनी कल्पना से निकलकर मुस्कुरा देती है।

 

मायके जाने के अवसर विवाह के बाद कम ही मिलते हैं क्योंकि पारिवारिक जिम्मेदारी के चलते आसानी से जा नहीं सकती। बहुत पहले से तैयारी करती है, अधूरे काम समेटती है, जाने के लिए अनुमति लेती है, तब जाकर मायके में सुकून के कुछ पल वो बिता पाती है। दो परिवार के बीच की धुरी होती है, हर पल मन में एक द्वंद्व लेकर जीती है, क्या होगा, कैसे होगा और क्या करना है प्रश्न हर पल होता है। दिमाग हर पल सक्रिय होता है, दो राह में घूमती है जिंदगी। कभी मायके कभी ससुराल के बीच समझौता कर हर सुख-दुख में बराबर सहभागी होती है और समस्या के समाधान करने में माहिर हो जाती है। सभी को समझाते-सुलझाते, समन्वय करते वह कहां होती है पता नहीं चलता, अपनी तकलीफ को नहीं कहती बस फर्ज की राह में निसार होती है।

 

यूं ही नहीं कहते जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवताओं का वास होता है। सच में जिस घर में नारी अपने ससुराल को अपना मानकर हर सदस्य का ख्याल रखती है और शिकवे-शिकायत भूलकर उस परिवार के अनुकूल ढल जाती है, उसकी सभी जिम्मेदारी को निभाती है वह साक्षात लक्ष्मी होती है। उस घर में सुख-समृद्धि होती है, उसे सभी का भरपूर प्यार मिलता है, साथ ही समय-समय पर मायके के सुख-दुख में भी साथ होती है। उसके जीवन का हर लम्हा समर्पित होता है अपनों के लिए। कुछ ही अपवाद स्वरूप होती हैं जो अपनी नादानी और नासमझी की वजह से परिवार में कलह के बीज बोती हैं और रिश्तों को बिखेर देती हैं। अपनी जिद, घमंड और समन्वय, सहनशीलता न होने के कारण सभी के दिल से उतर जाती हैं, अपनी करनी की सजा पाती हैं, ऐसी स्त्री कुटिल स्वभाव से कभी कोई रिश्ते नहीं निभते। मायके का अर्थ होता है मां का घर जहां एक बेटी को निस्वार्थ स्नेह मिलता है। मां के बिना सूना होता है घर का हर कोना। इसलिए तीज-त्योहार में जब बेटी अपने मां के घर जाती है तो उसकी खुशियों का ठिकाना नहीं होता। उसे धन-दौलत से नहीं अपनों के प्रेम की ज्यादा जरूरत होती है, जहां वो खुलकर मुस्कुराती है, हंसी-ठिठोली करती है, अपनी पसंद के पकवान बनवाती है और कम समय में ही जो जिंदगी जीती है वहीं उसकी जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। मायका कभी छूटता नहीं, भले ही दूर रहती है बेटी पर दिल में संजोकर रखती है सभी को। इसलिए ध्यान रखें किसी बेटी का मायका न छूटे, वो न कभी किसी से रूठे, बेपनाह प्रेम की अधिकारी है वो, कभी दुखाना नहीं दिल उसका, भाई, पति, मित्र या पिता के रूप में।

 

  • Related Posts

    कर्मफल (भाग 26)

    Spread the love

    Spread the love  राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                            (सेवा निवृत जेल…

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    Spread the love

    Spread the love  ब्यूरोः  (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)          डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।   साहित्यिक साधना,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    कर्मफल (भाग 26)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    कर्मफल (भाग 26)

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 13 views
    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 11 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)