संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पुलिस लाइन में एएसपी ने परखी पुलिसकर्मियों
की मुस्तैदी, परेड का किया निरीक्षण।
शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और शस्त्र अभ्यास पर जोर; पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश।
कन्नौजः अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए परेड के दौरान दौड़ लगवाई तथा टोलीवार ड्रिल कराकर एकरूपता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
ड्रिल के निरीक्षण के दौरान एएसपी ने उसे और बेहतर ढंग से कराने के लिए प्रभारी पुलिस लाइन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शस्त्र अभ्यास भी कराया गया, जिससे उनकी कार्यकुशलता और तैयारी को परखा जा सके।
इसके बाद एएसपी ने पुलिस लाइन के जीडी कार्यालय, क्वार्टर गार्ड, पुलिस कैंटीन, शस्त्रागार, बैरक, स्टोर रूम, भोजनालय, लॉन टेनिस ग्राउंड और परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। इसके अलावा कंट्रोल रूम, आरओआईपी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम तथा यूपी-112 की व्यवस्थाओं को भी जांचा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






