संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग, सलारपुर में
आजाद समाज पार्टी ने भरी हुंकार।
प्रभात गौतम बोले—बहुजन नायक के अधूरे कारवां को आगे बढ़ा रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद; जनसभा में महिला मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा।
कन्नौज: सलारपुर में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वावधान में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम जी के 20वें महापरिनिर्वाण दिवस पर जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में कांशीराम के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने बहुजन समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज दिवाकर ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बहुजन समाज में राजनीतिक चेतना जगाकर उसे संगठित करने का काम किया। उनके प्रयासों से वंचित वर्गों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी और उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज की भागीदारी मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।
जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने कहा कि मान्यवर कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ जैसे नारों के माध्यम से कांशीराम ने बहुजन समाज में राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। गौतम ने कहा कि कांशीराम के रुके हुए कारवां को सांसद चंद्रशेखर आजाद आगे बढ़ा रहे हैं और आजाद समाज पार्टी उनके सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करेगी।
प्रभात गौतम ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए वोट चोरी के मुद्दे को गंभीर बताया और चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के वोट की सुरक्षा लोकतंत्र की निष्पक्षता के लिए जरूरी है।
मंडल उपाध्यक्ष पातीराम बौद्ध ने कहा कि बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई आजाद समाज पार्टी लड़ रही है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
महिला मोर्चा में नई जिम्मेदारियां
जनसभा के दौरान पूजा गौतम को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष, नन्ही देवी को महासचिव तथा पूनम गौतम और श्रीदेवी को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी पवन गौतम, अनंत शाक्य, जिला महासचिव चांद खां, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र, सुनील कुमार, जिला संगठन मंत्री रामकुमार, विधानसभा अध्यक्ष ओमप्रकाश, अरशद खां, शिवस्वरूप कटियार, जगतदयाल, रवि सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






