मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
विश्व डाक दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग
द्वारा डाक सप्ताह मनाया जा रहा है।
अल्मोड़ाः विश्व डाक दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा दिनांक 09 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष 09 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस मनाया जाता है। भारतीय डाक विभाग यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन का सम्मानित सदस्य है। डाक सप्ताह के दौरान विभाग द्वारा विभिन्न जन-जागरूकता एवं ग्राहक-केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से आमजन को डाक विभाग की सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
डाक सप्ताह के दौरान सभी डाकघरों में विश्व डाक दिवस एवं डाक सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित करने के साथ ही अल्मोड़ा डाक मंडल में आधार शिविरों एवं डाक चौपालों का आयोजन किया जाएगा। डाक चौपालों के माध्यम से आमजन को भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न डाक सेवाओं, बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं तथा अन्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डाक विभाग से जुड़े ग्राहकों के साथ ग्राहक गोष्ठियों का भी आयोजन किया जाएगा। इन गोष्ठियों के माध्यम से ग्राहकों के सुझावों, आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर संवाद स्थापित कर सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जाएगा। आधार शिविरों के माध्यम से आधार संबंधी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डाक सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों एवं व्यवसायियों के दैनिक जीवन में डाक सेवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वैश्विक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास में डाक विभाग के योगदान और महत्व को रेखांकित करना है। डाक विभाग संचार सेवाओं के साथ-साथ बचत एवं बीमा योजनाओं सहित अनेक जनोपयोगी सेवाओं के माध्यम से आमजन को लाभान्वित कर रहा है।
भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों से आमजन को विभाग की विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त होगी तथा अधिकाधिक लोगों को इन सेवाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। डाक सप्ताह के माध्यम से विभाग और ग्राहकों के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ जनसामान्य तक डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।







