सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नन्दा कौशिक में बगडवाल नृत्य रहा मुख्य आकर्षण।
राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत ने की पूजा – अर्चना।
कल भावुक क्षणों में विदा होगी भगवती नन्दा।
ऊखीमठः विश्व विख्यात पर्यटक स्थल देवरियाताल की तलहटी व प्रकृति की सुरम्य वादियों में बसे पर्यटक गांव सारी में भगवती नन्दा का मेला विधि – विधान, पौराणिक जागरों व बग्डवाल नृत्य के साथ आस्था, उमंग व धूमधाम से मनाया गया!
पर्यटक गाँव सारी में आयोजित नन्दा मेले में बगडवाल नृत्य मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा, राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत, कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी, डा0 हेमा पुष्वाण सहित क्षेत्रों के ग्रामीणों व धियाणियों ने भगवती नन्दा की पूजा – अर्चना कर मनौती मांगी तथा विश्व समृद्धि व क्षेत्र के खुशहाली की कामना की! रविवार को भगवती नन्दा सारी गांव से भावुक क्षणों के साथ विदा होगी तथा भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ पहुंचने पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत होगी! शनिवार को तुंगनाथ घाटी के पर्यटक गांव सारी में भगवती नंदा मेला पौराणिक जागरों, बग्डवाल नृत्य, भक्तों के जयकारों के साथ मनाया गया जिसमें ग्रामीणों, धियाणियो व देश – विदेश के सैलानियों ने भगवती नन्दा की पूजा – अर्चना कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की ! बता दे कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवती नंदा की भोग मूर्ति को शारदीय नवरात्रो की अष्टमी को मक्कूमठ स्थित मंदिर से बाहर निकाला गया। इसके बाद भगवती नन्दा कांडा, हुड्डू, उषाडा और दैडा़ होते हुए शुक्रवार देर शाम को अपने मामा मैती गांव सारी पहुंची तथा ग्रामीणों द्वारा पंचायत चौक में परम्परा के अनुसार भगवती नन्दा को विभिन्न प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर मनौती मांगी! शुक्रवार रात्रि भर ग्रामीणों ने अनेक प्रकार के पौराणिक जागरो व नृत्यों के माध्यम से भगवती नन्दा की महिमा का गुणगान किया!

शनिवार सुबह को ब्रह्म बेला में ग्रामीणों ने पंचाग पूजन के तहत भगवती नन्दा व तृतीय केदार तुंगनाथ सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाहन किया तथा रघुवीर नेगी, मुरली नेगी, दिलवर नेगी, दिलवर भटट् कुलदीप नेगी, रणजीत सिंह नेगी, अंकित सिंह नेगी, अशोक भट्ट, कलम भट्ट ने भगवती नन्दा के पौराणिक जागर गायन में महत्वपूर्ण योगदान भगवती नन्दा के कैलाश गमन का विस्तृत वर्णन किया! दोपहर बाद आयोजित बगडवाल नृत्य में ग्रामीणों द्वारा जीतू बगडवाल, छोटा बगडवाल, भगवती नन्दा, सोबनी, मौलू कामेण के पश्वा की भूमिका अदा की! पूर्व सूचना अधिकारी गजपाल भटट् ने बताया कि सारी गाँव में भगवती नन्दा आगमन की परम्परा युगों पूर्व की है तथा भगवती नन्दा के आगमन से ग्रामीणों में उत्साह व उमंग रहती है। जागर गायिका नर्मदा देवी ने बताया कि भगवती नन्दा के आगमन से क्षेत्र में खुशहाली व ग्रामीणों में सौहार्द बना रहता है। इस मौके पर पूर्व कनिष्ठ प्रमुख नर्मदा देवी, प्रधान विनोद नेगी, सुनीता मैठाणी, सुनीता देवी, पूर्व प्रधान सन्दीप पुष्वाण , अंजना रावत, गुड्डी देवी, दलेब राणा, राजेश्वरी देवी, जसवीर नेगी, हुक्म सिंह रावत, प्रह्लाद राणा, प्रमिला देवी, शाखा देवी, अंकिता नेगी, तमन्ना नेगी, काजल राणा सहित धियाणियां, प्रवासी, जनप्रतिनिधि, पर्यटक व ग्रामीण मौजूद रहे।






