संवाददाता छत्तीसगढ़ः सरोज कंसारी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना : बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन कर लौटे अभनपुर ब्लॉक के वरिष्ठजन, चेहरे पर दिखी श्रद्धा और संतोष।
नवापारा-राजिमः मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 30 अक्टूबर से 02 नवंबर तक बाबा बैद्यनाथ धाम की तीर्थ यात्रा कर अभनपुर ब्लॉक के वरिष्ठजन, पेंशनर एवं विभिन्न ग्रामों के तीर्थयात्री सकुशल वापस घर लौट आए हैं। अभनपुर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू की अनुशंसा पर यह दल यात्रा के लिए चयनित हुआ था।
बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद लौटे सभी यात्रियों के चेहरे पर भगवान के दर्शन की खुशी के साथ-साथ शासन के प्रति विश्वास और श्रद्धा का भाव साफ दिखाई दे रहा था। यात्रियों ने बताया कि यात्रा के दौरान शासन द्वारा भोजन, आवास और परिवहन का संपूर्ण खर्च वहन किया गया। कुछ सामान्य कमियों के बावजूद भोजन एवं आवास व्यवस्था संतोषप्रद रही।
इस यात्रा में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के लगभग 900 यात्री शामिल थे। रायपुर रेलवे स्टेशन पर बाजे-गाजे एवं माला पहनाकर यात्रियों का स्वागत किया गया था। राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया था।
यात्रियों ने बताया कि बैद्यनाथ दर्शन के साथ-साथ बासुकीनाथ धाम का दर्शन करना भी आवश्यक माना जाता है, तभी यात्रा पूर्ण और सफल मानी जाती है। अतः सभी ने छत्तीसगढ़ शासन से मांग की है कि भविष्य में जब भी बैद्यनाथ यात्रा निकाली जाए, तो बासुकीनाथ धाम की यात्रा भी साथ में कराई जाए।
साथ ही यात्रियों ने यात्रा के दौरान अनुशासन व्यवस्था एवं समय प्रबंधन की खामियों पर भी ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भविष्य में अनुशासन और समय का ठीक से पालन हो तो बुजुर्ग यात्रियों को और अधिक सुविधा होगी।
यात्रा में प्रमुख रूप से पेंशनर समाज के अध्यक्ष श्री रवि शंकर साहू, श्री प्रफुल्ल दुबे, श्री अरुण साहू, डॉ. टीकम वर्मा, श्री चंपू साहू, श्री कुंज यादव, श्री संजय वन मंडल, श्रीमती शकुंतला वर्मा, श्रीमती पुष्प लता दुबे, श्रीमती अनुसूया साहू, श्रीमती मीरा साहू, श्रीमती साधना सौरज, श्रीमती तनु मिश्रा, श्री गजानन गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठजन शामिल थे।
सभी यात्रियों ने सफल यात्रा के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, अभनपुर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, मंडल अध्यक्ष श्री नागेंद्र वर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ओम कुमारी साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।







